लखनऊ से चित्रकूट के लिए नई बस सेवा शुरू, मंत्रियों ने दिखाई हरी झंडी
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल और परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने आज लखनऊ के 1-मॉल एवेन्यू रोड से एक नई रोडवेज बस सेवा का उद्घाटन किया। यह बस सेवा विशेष रूप से चित्रकूट जनपद के लोगों को राजधानी लखनऊ से जोड़ने के लिए शुरू की गई है।
मंत्री आशीष पटेल ने इस मौके पर खुशी जताते हुए कहा कि क्षेत्र के लोगों की काफी समय से मांग थी कि आवागमन को सुगम बनाया जाए। यह बस लखनऊ से चलकर रायबरेली, ऊंचाहार, सिराथू और महाकवि तुलसीदासजी की जन्मस्थली राजापुर होते हुए हनुमानगंज तक जाएगी। यह रूट मध्य प्रदेश की सीमा से महज 3 किलोमीटर पहले तक के इलाकों को कवर करेगा।
1540 नए रूटों पर दौड़ेंगी बसें
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए विभाग की बड़ी योजना साझा की। प्रदेश में करीब 1540 नए रूट चिन्हित किए गए हैं। विभाग की तैयारी है कि जल्द ही इन सभी रूटों पर बसें चलाई जाएं ताकि प्रदेश का हर गांव परिवहन सेवा से जुड़ सके।

कब और कहाँ से मिलेगी बस
क्षेत्रीय प्रबंधक अमर सहाय ने बस के समय और सफर की पूरी जानकारी दी है।
लखनऊ (आलमबाग) से हनुमानगंज
प्रस्थान: सुबह 08:30 बजे (आलमबाग)
रायबरेली: 10:30 बजे
ऊंचाहार: 11:30 बजे
सिराथू: 12:15 बजे
राजापुर: 01:15 बजे
पहुंचेगी (हनुमानगंज): दोपहर 02:15 बजे
हनुमानगंज से लखनऊ (वापसी)
प्रस्थान: दोपहर 03:30 बजे (हनुमानगंज)
राजापुर: 04:30 बजे
सिराथू: 05:30 बजे
रायबरेली: 07:15 बजे
पहुंचेगी (आलमबाग): रात 09:15 बजे
कुल दूरी: यह बस लगभग 234 किलोमीटर का सफर तय करेगी।

