श्रावस्ती: एक ही छत के नीचे मिलेंगे 44 विभागों के लाभ, कलेक्ट्रेट में कल लगेगा ‘महा-शिविर’

श्रावस्ती। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में कल यानी 22 फरवरी को कलेक्ट्रेट स्थित तथागत हॉल में एक विशाल ‘विधिक सहायता एवं सेवा शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां आम जनता को न सिर्फ मुफ्त कानूनी सलाह मिलेगी, बल्कि सरकार के 44 अलग-अलग विभागों की योजनाओं का लाभ भी एक ही जगह पर मिल जाएगा।

श्रावस्ती: एक ही छत के नीचे मिलेंगे 44 विभागों के लाभ, कलेक्ट्रेट में कल लगेगा 'महा-शिविर'

शिविर का मकसद: भाग-दौड़ से मिलेगी मुक्ति

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव प्रद्युम्न कुमार मिश्र ने बताया कि अक्सर ग्रामीण और गरीब लोग सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटकर परेशान हो जाते हैं। इस शिविर का उद्देश्य है कि लोगों को कानूनी जानकारी देने के साथ-साथ सभी जन कल्याणकारी योजनाओं का फायदा एक ही स्थान पर दिलाया जा सके।

इन योजनाओं पर रहेगा विशेष जोर

शिविर में आने वाले पात्र व्यक्तियों को निम्नलिखित सुविधाओं का लाभ प्राथमिकता पर दिया जाएगा।

पेंशन योजनाएं: विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन के फॉर्म और समस्याएं।

आवास: प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए पंजीकरण और जानकारी।

दिव्यांग सहायता: दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराना।

रोजगार: छोटे उद्योगों के लिए लघु ऋण (लोन) की सुविधा।

स्वास्थ्य का भी रखा जाएगा ख्याल

शिविर में स्वास्थ्य विभाग का एक विशेष स्टॉल होगा, जहां गंभीर बीमारियों के विशेषज्ञ डॉक्टर मौजूद रहेंगे। यहां मरीजों की मुफ्त जांच होगी, दवाएं दी जाएंगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें बड़े अस्पतालों के लिए रेफर भी किया जाएगा।

44 विभागों की होगी मौजूदगी

राजस्व, पुलिस, कृषि, बैंक, बिजली, शिक्षा, पशुपालन और समाज कल्याण समेत कुल 44 विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। संबंधित अधिकारी मौके पर ही शिकायतों को सुनेंगे और उनका निस्तारण करने की कोशिश करेंगे।

रिपोर्ट: माता प्रसाद वर्मा

 

Also Read: श्रावस्ती में खूनी डकैती: बदमाशों ने घर के मुखिया को उतारा मौत के घाट, बहू के बयान ने उलझाई कत्ल की गुत्थी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.