Siddharthnagar News: पर्पल फेयर में दिव्यांगों ने बिखेरा अपनी प्रतिभा का जलवा, जगदंबिका पाल ने बांटे मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर के लोहिया कला भवन में शनिवार को दिव्यांगजनों के लिए पर्पल फेयर (Purple Fair) का शानदार आयोजन किया गया। सीआरसी (CRC) गोरखपुर और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से हुए इस एकदिवसीय मेले का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सशक्त बनाना और समाज में उनके प्रति जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल ने दीप प्रज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पर्पल फेयर सरकार का एक ऐसा सार्थक प्रयास है जो समाज को यह सिखाता है कि दिव्यांगों को सहानुभूति की नहीं, बल्कि ‘समावेशन’ और ‘साथ’ की जरूरत है। उन्होंने जोर दिया कि समाज में दिव्यांगता के प्रति समझ विकसित करना आज के समय की बड़ी आवश्यकता है।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेलों में दिखा दम
इस फेयर में 500 से अधिक दिव्यांगजनों ने हिस्सा लिया। बच्चों और युवाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कला प्रदर्शनी और खेलकूद प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाई। उनकी परफॉर्मेंस को देखकर सभागार तालियों से गूंज उठा। सीआरसी निदेशक जितेंद्र यादव ने कहा कि उनका संस्थान एक समावेशी समाज बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
दिव्यांगजनों की राह आसान करने के लिए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा कई आधुनिक उपकरण बांटे गए। 17 मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल (बैटरी वाली साइकिल) प्रदान की गईं। 112 अन्य सहायक उपकरण (बैसाखी, व्हीलचेयर आदि) वितरित किए गए।

इस खास मौके पर जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर, मुख्य विकास अधिकारी (CDO), जिला विकास अधिकारी और जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी समेत तमाम बड़े अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल समन्वय राजेश कुमार और नागेंद्र पांडे ने किया। साथ ही, पुनर्वास क्षेत्र के प्रशिक्षुओं ने भी इस मेले के जरिए दिव्यांगता सेवा की बारीकियों को समझा।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: दिल्ली पर हमले की तैयारी कर रहा Lashkar, ये मंदिर है निशाना

