Lucknow News: इंटरवेंशनल प्रक्रिया से ढाई वर्ष की बच्ची को मिला नया जीवन

Lucknow News: लखनऊ के अपोलोमेडिक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने एक अत्यंत जटिल और दुर्लभ प्रक्रिया इंट्राक्रेनियल कैथेटर डायरेक्टेड थ्रोम्बोलाइसिस के जरिए ढाई साल की बच्ची की जान बचाई है। उत्तर प्रदेश के चिकित्सा इतिहास में बच्चों पर की गई यह अपनी तरह की पहली और सबसे उन्नत प्रक्रिया मानी जा रही है।

मासूम बच्ची को जब अस्पताल लाया गया, उसकी स्थिति बेहद नाजुक थी। उसे बार-बार दौरे पड़ रहे थे, शरीर के अंगों में लकवा जैसे लक्षण थे और वह गहरी बेहोशी (कोमा) की स्थिति में थी। डॉक्टरों ने जब एमआरआई और एंजियोग्राफी की, तो पता चला कि उसके मस्तिष्क की गहरी शिरा (Deep Vein) में खून का थक्का जम गया है। मेडिकल भाषा में इसे सेरेब्रल वेनस थ्रोम्बोसिस कहते हैं, जो बच्चों में जानलेवा साबित होता है।

पैर के रास्ते दिमाग तक पहुंचे डॉक्टर

शुरुआती इलाज से जब बच्ची की हालत में सुधार नहीं हुआ, तो इंटरवेंशनल न्यूरो-रेडियोलॉजिस्ट डॉ. देवांश मिश्रा और उनकी टीम (डॉ. अर्पित टौंक व डॉ. अमोल श्रीवास्तव) ने एक साहसी फैसला लिया। उन्होंने बच्ची के पैर में एक छोटा सा छेद कर सूक्ष्म कैथेटर डाला और रक्त वाहिकाओं के जरिए उसे सीधे दिमाग की उस नस तक पहुंचाया जहां थक्का जमा था। वहां सीधे दवा डालकर थक्के को घोला गया।

Lucknow News: इंटरवेंशनल प्रक्रिया से ढाई वर्ष की बच्ची को मिला नया जीवन

UP का पहला केस: इतनी कम उम्र के बच्चे पर यह प्रक्रिया उत्तर प्रदेश में पहली बार की गई है।

दुर्लभ बीमारी: जांच में पता चला कि बच्ची APLA सिंड्रोम (एक जेनेटिक बीमारी) से पीड़ित है, जिसमें खून के थक्के जल्दी जमते हैं।

राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा: इस केस की सफलता इतनी बड़ी है कि इसे मार्च में कोच्चि में होने वाली इंडियन नेशनल स्ट्रोक कॉन्फ्रेंस 2026 में देश के बड़े विशेषज्ञों के सामने पेश किया जाएगा।

डॉक्टरों की मेहनत रंग लाई और 3 हफ्ते तक वेंटिलेटर व आईसीयू में कड़ी निगरानी के बाद बच्ची अब पूरी तरह स्वस्थ है। वह अब सामान्य बच्चों की तरह बोल पा रही है, चल पा रही है और अपनी दैनिक गतिविधियां कर रही है। अस्पताल के एमडी और सीईओ डॉ. मयंक सोमानी ने इस सफलता पर टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि दर्शाती है कि अब जटिल से जटिल न्यूरो उपचार के लिए उत्तर प्रदेश के मरीजों को बाहर जाने की जरूरत नहीं है।

Also Read: Lucknow News: शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से रिश्तेदार की मौत, आरोपी फरार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.