लखनऊ: 13 साल की छात्रा से दुष्कर्म और गर्भपात का आरोप, पुलिस ने 48 घंटे में आरोपी को दबोचा

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में एक निजी ट्यूशन शिक्षक द्वारा अपनी नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी ने न केवल मासूम का शारीरिक शोषण किया, बल्कि उसके गर्भवती होने पर उसे जान से मारने की धमकी देकर जबरन गर्भपात भी कराया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

शिक्षक ने भरोसे को किया शर्मसार

पीड़िता के पिता द्वारा 21 फरवरी को दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, 28 वर्षीय शिक्षक वीर सिंह यादव उर्फ वीरज उनकी बेटी को घर पर ट्यूशन पढ़ाता था। आरोप है कि शिक्षक ने नाबालिग के साथ छेड़छाड़ की और डरा-धमका कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता गर्भवती हो गई, तो आरोपी ने उसे दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। साथ ही, आरोपी पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का भी आरोप है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने तुरंत टीम गठित की। सहायक पुलिस आयुक्त (गोसाईगंज) के नेतृत्व में पुलिस ने टेक्निकल साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। घटना के महज 48 घंटे के भीतर, सोमवार (23 फरवरी) को पुलिस ने आरोपी वीर सिंह यादव को ग्राम रेवतापुर में उसके चाचा के घर से गिरफ्तार कर लिया।

कड़ी धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो (POCSO) एक्ट और एससी/एसटी एक्ट की कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

दुष्कर्म और शोषण: धारा 65(1) और 74 BNS।

गर्भपात और धमकी: धारा 89 और 351(3) BNS।

पॉक्सो एक्ट: धारा 5/6 (नाबालिग से यौन अपराध)।

SC/ST एक्ट: जातिसूचक टिप्पणी और उत्पीड़न की धाराएं।

आरोपी का आपराधिक इतिहास

पकड़ा गया आरोपी वीर सिंह यादव मूल रूप से बांदा जिले का रहने वाला है। जांच में सामने आया है कि वह पहले भी मारपीट और अन्य मामलों में बांदा के मरका थाने में नामजद रह चुका है। लखनऊ पुलिस अब इस मामले की गहराई से विवेचना कर रही है ताकि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।

Also Read: प्यार में मिला धोखा तो रची ‘बम’ की साजिश, UP ATS ने आजमगढ़ से दबोचा शातिर साइबर अपराधी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.