मेरठ: शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में सोमवार रात एक भीषण हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र के किदवई नगर (इस्लामाबाद) में एक कपड़ा कारोबारी के तीन मंजिला मकान में आग लगने से एक ही परिवार के छह सदस्यों की जलकर और दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और पाँच मासूम बच्चे शामिल हैं।

हादसे का विवरण: जब नमाज पढ़ने गए थे पुरुष

घटना रात करीब 9:30 बजे की है। किदवई नगर की गली नंबर-3 निवासी कपड़ा कारोबारी इकबाल अहमद और उनके दोनों बेटे (आसिम व फारूक) मस्जिद में तरावीह की नमाज पढ़ने गए थे। घर में केवल महिलाएं और बच्चे मौजूद थे।

मकान की पहली मंजिल पर ‘आई संस एम्ब्रॉयडरी’ का कारखाना है, जहाँ पावरलूम मशीनें चलती हैं। माना जा रहा है कि यहीं शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी, जिसने देखते ही देखते ऊपरी मंजिल (निवास स्थान) को अपनी चपेट में ले लिया।

इलाका घनी आबादी वाला होने और गलियां संकरी होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके तक नहीं पहुँच सकीं। स्थानीय लोगों ने छतों के रास्ते घर में घुसकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

हृदयविदारक क्षति: मृतकों की सूची

रुखसार (30 वर्ष): पत्नी आसिम

अकदस (3 वर्ष): पुत्र आसिम

नबिया (6 माह): पुत्री आसिम (जुड़वां)

इनायत (6 माह): पुत्री आसिम (जुड़वां)

महविश (12 वर्ष): पुत्री फारूक

हम्माद (4 वर्ष): पुत्र फारूक

घायल: परिवार की बुजुर्ग महिला अमीर बानो और एक युवक शहजाद गंभीर रूप से झुलसे हुए हैं, जिनका उपचार अस्पताल में चल रहा है।

प्रशासनिक प्रतिक्रिया

हादसे के बाद जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडेय और अन्य उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि संकरी गलियों के कारण बचाव कार्य प्रभावित हुआ और प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट ही हादसे की मुख्य वजह है।

Also Read: नर्मदा अपार्टमेंट के लिए क्रेज: शहीद पथ के पास बनेंगे एलडीए के सबसे लग्जरी फ्लैट और पेंट हाउस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.