युवा कांग्रेस अध्यक्ष की गिरफ्तारी पर भड़के राहुल गांधी, बोले- यह तानाशाही और कायरता का प्रमाण है, हम डरेंगे नहीं
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए शर्टलेस प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे लोकतंत्र पर हमला करार दिया है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी पोस्ट में केंद्र सरकार को घेरते हुए लिखा कि शांतिपूर्ण विरोध करना हर भारतीय का लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने कहा, राहुल ने कहा कि अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील में देश के हितों से समझौता किया गया है, जिससे हमारे किसानों और कपड़ा उद्योग को नुकसान होगा। साथ ही, हमारा डेटा भी अमेरिका के हाथों में चला जाएगा। उन्होंने उदय भानु चिब की गिरफ्तारी को तानाशाही और कायरता बताया। उन्होंने आगे लिखा, सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, बल्कि देशभक्ति है। डरो मत, सच और संविधान हमारे साथ हैं।
जांच के घेरे में संगठित साजिश
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, पुलिस अब इस बात की तह तक जाने की कोशिश कर रही है कि इतनी हाई-प्रोफाइल समिट के दौरान इस तरह के प्रदर्शन के पीछे किसकी योजना थी। पुलिस यह पता लगा रही है कि सुरक्षा घेरा तोड़कर अंदर घुसने की यह कोई ‘संगठित साजिश’ तो नहीं थी।
मामले में अब तक 8 गिरफ्तारियां
समिट में हंगामे और सार्वजनिक शांति भंग करने के आरोप में पुलिस ने अब तक कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। उदय भानु चिब से पहले सोमवार को जितेंद्र यादव, राजा गुर्जर और अजय कुमार जैसे कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया था। चिब से करीब 20 घंटे तक लंबी पूछताछ की गई, जिसके बाद उनकी औपचारिक गिरफ्तारी हुई।

