Siddharthnagar News: डॉ. भवानी शंकर त्रिपाठी आउटस्टैंडिंग कंट्रीब्यूशन अवॉर्ड से सम्मानित

Siddharthnagar News: गोरखपुर के पूर्वोत्तर रेलवे म्यूजियम में आयोजित पूर्वांचल फिजियोथैरेपिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन की एक दिवसीय कॉन्फ्रेंस में चिकित्सा जगत के कई दिग्गज जुटे। इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा सिद्धार्थनगर के माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में तैनात फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. भवानी शंकर त्रिपाठी को दिया गया सम्मान। उन्हें फिजियोथैरेपी के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट और सतत योगदान के लिए Outstanding Contribution Award से नवाजा गया।

समारोह में मौजूद वरिष्ठ चिकित्सकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने डॉ. त्रिपाठी के कार्यों की जमकर तारीफ की। मुख्य अतिथियों ने बताया कि कैसे डॉ. त्रिपाठी ने अस्थि एवं नस रोग, स्पाइन (रीढ़ की हड्डी) की समस्याओं, स्पोर्ट्स इंजरी और न्यूरोलॉजिकल रिहैबिलिटेशन जैसे जटिल क्षेत्रों में मरीजों को नई जिंदगी दी है। अतिथियों ने कहा कि डॉ. त्रिपाठी द्वारा आधुनिक तकनीकों का प्रयोग और मरीजों के प्रति उनकी समर्पित सेवा भावना ने समाज में फिजियोथैरेपी के प्रति विश्वास को और अधिक मजबूत किया है।

Siddharthnagar News: डॉ. भवानी शंकर त्रिपाठी आउटस्टैंडिंग कंट्रीब्यूशन अवॉर्ड से सम्मानित

सम्मान ग्रहण करने के बाद डॉ. भवानी शंकर त्रिपाठी ने अपने विचार साझा करते हुए कहा, फिजियोथैरेपी सिर्फ एक उपचार पद्धति नहीं है, बल्कि यह मरीजों को फिर से सक्रिय करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवा फिजियोथैरेपिस्टों को सलाह दी कि वे नई तकनीकों और निरंतर प्रशिक्षण के माध्यम से अपनी दक्षता बढ़ाएं ताकि बेहतर समाज का निर्माण हो सके।

डॉ. त्रिपाठी को मिले इस सम्मान पर उनके सहयोगियों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त किया है। उनका मानना है कि यह सम्मान न केवल डॉ. त्रिपाठी का है, बल्कि पूरे सिद्धार्थनगर जिले के लिए गर्व का विषय है।

कार्यक्रम में एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. राकेश सिंह, डॉ. एमएल यादव, डॉ. सुभाष यादव, डॉ. अवनीश वर्मा सहित देश-प्रदेश के कई नामी फिजियोथैरेपिस्ट उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

रिपोर्ट: जाकिर खान

Also Read: SIR वैरिफिकेशन के लिए कलकत्ता HC को पड़ोसी राज्यों से जजों की नियुक्ति की इजाजत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.