मथुरा में पुलिस का ‘ऑपरेशन बजरंग’, 250 जवानों ने सुबह 5 बजे घेरे दो गांव, 34 साइबर ठग गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: ब्रज क्षेत्र में पैर पसार रहे साइबर ठगों के खिलाफ मथुरा पुलिस ने रविवार तड़के एक बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। ‘ऑपरेशन बजरंग’ के तहत 13 थानों की पुलिस और पीएसी के करीब 250 जवानों ने शेरगढ़ इलाके के दो गांवों जंघावली और विशंभरा में एक साथ धावा बोला। इस जबरदस्त घेराबंदी में पुलिस ने 34 शातिर ठगों को दबोच लिया है।

जब नींद में टूटी ठगों की टोली

रविवार सुबह 5 बजे, जब गांव में अधिकतर लोग सो रहे थे, एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देशन में भारी पुलिस बल ने दोनों गांवों को चारों तरफ से घेर लिया। अचानक इतनी बड़ी संख्या में पुलिस देखकर गांवों में हड़कंप मच गया।

एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत के नेतृत्व में करीब 85 घरों की तलाशी ली गई। पुलिस को देखते ही कई ठग छतों से कूदकर खेतों और जंगल की ओर भागने लगे। महिला पुलिसकर्मियों को उन घरों में मोर्चा संभालना पड़ा जहाँ महिलाओं ने कार्रवाई का विरोध करने की कोशिश की।

ठगी का हाईटेक सामान बरामद

गिरफ्तार किए गए 34 आरोपियों के पास से पुलिस ने ठगी का बड़ा जखीरा बरामद किया है।

37 मोबाइल फोन और 18 फर्जी आधार कार्ड।

ठगी की कमाई से खरीदी गई चार बाइक और एक कार।

पुलिस के अनुसार, ये आरोपी फर्जी आईडी पर सिम लेकर देश भर के लोगों को अपना शिकार बनाते थे।

जंगल और खंडहरों में बने थे ‘ठगी के अड्डे’

कार्रवाई के अगले दिन यानी सोमवार को पुलिस जब जांच के लिए गांवों के बाहर जंगलों में पहुंची, तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। जंघावली गांव के पास एक खंडहर बन चुकी धर्मशाला का इस्तेमाल ठगी के हेडक्वार्टर के रूप में किया जा रहा था। यहाँ बैठकर ये शातिर दिन भर लोगों को चूना लगाने की योजनाएं बुनते थे।

भागे हुए 45 ठगों की तलाश में जुटी टीमें

दबिश के दौरान करीब 45-46 आरोपी खेतों के रास्ते भागने में सफल रहे। पुलिस ने उनकी पहचान कर ली है और उनकी तलाश में चार विशेष टीमें हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली समेत कई जिलों में छापेमारी कर रही हैं।

Also Read: Siddharthnagar News: डॉ. भवानी शंकर त्रिपाठी आउटस्टैंडिंग कंट्रीब्यूशन अवॉर्ड से सम्मानित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.