Lucknow News: कनेक्शन देने में खेल कर रहे XEN समेत 7 इंजीनियर सस्पेंड, जानें क्या था पूरा मामला

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बिजली कनेक्शन के नाम पर उपभोक्ताओं को परेशान करना अधिकारियों को भारी पड़ गया है। लेसा (LESA) के अमौसी जोन में बिजली कनेक्शन देने में घोर लापरवाही और मनमानी करने के आरोप में मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की एमडी रिया केजरीवाल ने मंगलवार को एक साथ सात अभियंताओं (इंजीनियरों) को निलंबित कर दिया है।

निलंबित होने वालों में अधिशासी अभियंता (XEN) नीरज कुमार से लेकर सहायक अभियंता (AE) और जूनियर इंजीनियर (JE) तक शामिल हैं। एमडी ने जिन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया है, उनके नाम इस प्रकार हैं।

एक्सईएन: नीरज कुमार

सहायक अभियंता: अनुभव कुमार सिंह, अमित कुमार, प्रशांत कुमार गिरि

जूनियर इंजीनियर: दीपक पांडेय, रविन्द्र सिंह, दिनेश कुमार

जांच में सामने आया कि 1 दिसंबर, 2025 से 31 जनवरी, 2026 के बीच अमौसी क्षेत्र में एक हजार से अधिक नए बिजली कनेक्शन के आवेदनों को बिना किसी ठोस कारण के निरस्त (Cancel) कर दिया गया। ‘झटपट पोर्टल’ पर आए आवेदनों के साथ ये अधिकारी अपनी मर्जी से खिलवाड़ कर रहे थे। हैरानी की बात यह है कि कुल 8,523 आवेदनों में से केवल 2,823 कनेक्शन दिए गए, जबकि 2,368 आवेदनों को रिजेक्ट कर दिया गया और 3,332 आवेदन अभी भी अधर में लटके पाए गए।

उपभोक्ताओं को ऐसे किया गया परेशान

जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि ये अधिकारी उपभोक्ताओं से संपर्क किए बिना ही गलत आपत्तियां (Queries) लगाकर आवेदन रद्द कर देते थे। रिजेक्शन के कुछ अजीब कारण सामने आए:

बिना कारण बताए सिर्फ ‘अविद्युतीकृत क्षेत्र’ लिख देना।

पोर्टल पर कुछ और, और मौके पर कुछ और रिपोर्ट लगाना।

बार-बार गलत आपत्तियां दर्ज करना ताकि उपभोक्ता परेशान हो।

आवेदन निरस्त करने के बाद कुछ लोगों को फिर से कनेक्शन दे देना, जिससे भ्रष्टाचार की बू आती है।

एमडी रिया केजरीवाल ने सख्त लहजे में कहा कि इन अधिकारियों ने न केवल अपने काम में शिथिलता बरती, बल्कि विभाग की छवि को भी जनता के बीच धूमिल किया है। सस्पेंड किए गए सभी सातों अधिकारियों को अब बरेली जोन से संबद्ध (Attach) कर दिया गया है।

Also Read: लखनऊ: लोहिया अस्पताल में मरीजों के परिजनों को मिलेगी राहत, 24.86 करोड़ से बनेगा भव्य रैन बसेरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.