लखनऊ: पुलिस की रडार पर चढ़ा शातिर वारंटी माजिन खान, चौक पुलिस ने पार्किंग से दबोचा
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ की चौक पुलिस ने अपराध नियंत्रण और वारंटियों की धरपकड़ के अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मंगलवार को चौक क्षेत्र की एक पार्किंग से शातिर वारंटी अभियुक्त मो. माजिन खान को गिरफ्तार कर लिया है।
पार्किंग से हुई गिरफ्तारी
चौक पुलिस को सूचना मिली थी कि छेड़छाड़ और धोखाधड़ी जैसे मामलों में वांछित माजिन खान चौक पार्किंग के आसपास देखा गया है। प्रभारी निरीक्षक नागेश उपाध्याय के नेतृत्व में उप-निरीक्षक जय कृष्ण द्विवेदी और कांस्टेबल पुष्पेंद्र चौधरी की टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
अदालत ने जारी किया था गैर-जमानती वारंट (NBW)
अभियुक्त माजिन खान (34 वर्ष) चौक थाना क्षेत्र के महमूदनगर, लाल फाटक का रहने वाला है। उसके खिलाफ अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (अयोध्या प्रकरण) लखनऊ की अदालत ने गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया था। माजिन खान पर थाना चौक में दर्ज मुकदमे में छेड़छाड़, धोखाधड़ी, गाली-गलौज और धमकी देने जैसी गंभीर धाराएं (354/420/504/506/406 IPC) लगी हुई हैं।
लंबा है आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार माजिन खान का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह पहले भी शहर के अलग-अलग थानों में मुकदमों का सामना कर रहा है:
- थाना हजरतगंज: मारपीट और धमकी से संबंधित मामला (BNS की नई धाराओं के तहत)।
- थाना गोमतीनगर विस्तार: मारपीट और गाली-गलौज का मुकदमा।
- थाना चौक: धोखाधड़ी और छेड़छाड़ का मुख्य मामला।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्यवाही पूरी कर ली गई है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
Also Read: मैनपुरी में कीकर के जंगल में बैठकर लिखी जा रही थीं बोर्ड की कॉपियां, STF ने 6 को दबोचा

