Moradabad News: पुलिसवालों ने कारोबारी से की अवैध वसूली, एसएसपी ने सर्विलांस सेल प्रभारी समेत 5 को किया सस्पेंड

Moradabad News: उत्तर प्रदेश में पुलिसकर्मियों द्वारा कारोबारियों को डराने-धमकाने और अवैध वसूली के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। मेरठ के ‘फिरौती कांड’ की स्याही अभी सूखी भी नहीं थी कि अब मुरादाबाद पुलिस की काली करतूत सामने आई है। यहाँ कुछ पुलिसवालों ने ड्रग विभाग का दस्ता बनकर एक मेडिकल स्टोर संचालक को अगवा किया और पैसे वसूल लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी सतपाल अंतिल ने बड़ी कार्रवाई की है।

घटना 8 जनवरी की रात की है। कोतवाली थाना क्षेत्र के फीलखाना रेती स्ट्रीट में उवैद कुरैशी के मेडिकल स्टोर पर कुछ लोग पहुंचे। उन्होंने खुद को ड्रग विभाग का उड़न दस्ता बताया। स्टोर में घुसते ही इन लोगों ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों को खराब करने की कोशिश की ताकि उनकी पहचान छिपी रहे। इसके बाद वे उवैद को जबरन अपनी निजी गाड़ी में बैठाकर ले गए और छोड़ने के बदले मोटी रकम की डिमांड की। डरे हुए परिजनों ने आखिर में 40 हजार रुपये दिए, तब जाकर उवैद को छोड़ा गया।

सीसीटीवी फुटेज ने खोल दी पोल

जब अधिवक्ता मोहम्मद जमशेद कुरैशी ने इसकी शिकायत एसएसपी से की, तो सीओ कटघर को गोपनीय जांच सौंपी गई। जांच में एक ऐसा सीसीटीवी फुटेज मिला जिसने पुलिसकर्मियों के सारे दावों को धराशायी कर दिया। फुटेज में सर्विलांस सेल की टीम स्पष्ट रूप से मेडिकल स्टोर संचालक को ले जाते हुए दिखाई दी।

बिना किसी सूचना के की गई थी निजी रेड

जांच में सबसे हैरान करने वाली बात यह निकली कि इस छापेमारी की जानकारी न तो किसी बड़े अधिकारी को थी और न ही ड्रग विभाग को। इन पुलिसकर्मियों ने बिना किसी वारंट या अनुमति के पैसे कमाने के चक्कर में यह निजी रेड डाली थी।

जांच रिपोर्ट मिलते ही एसएसपी सतपाल अंतिल ने अनुशासनहीनता और भ्रष्टाचार के आरोप में तत्काल प्रभाव से पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। सस्पेंड होने वालों में एसआई वीर बोस (सर्विलांस सेल प्रभारी), मुख्य आरक्षी मनोज यादव, आरक्षी शिवम चिकारा, आरक्षी विपिन शर्मा और आरक्षी यश दहिया शामिल हैं। एसएसपी सतपाल अंतिल ने साफ लहजे में कहा है कि जनता का उत्पीड़न करने वाले किसी भी वर्दीधारी को बख्शा नहीं जाएगा। इन सभी के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

Also Read: ट्रंप ने जजों के सामने ही उनके फैसले को बताया दुर्भाग्यपूर्ण, टैरिफ पर झुकने को तैयार नहीं राष्ट्रपति

Get real time updates directly on you device, subscribe now.