कानपुर में IT की बड़ी कार्रवाई, राजरतन ग्रुप के शोरूमों और फैक्टरियों पर छापा, टैक्स चोरी की आशंका
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के औद्योगिक शहर कानपुर में बुधवार को आयकर विभाग की टीम ने ‘राजरतन समूह’ (Rajratan Group) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कर चोरी (Tax Evasion) के इनपुट मिलने के बाद विभाग की अलग-अलग टीमों ने कानपुर और उन्नाव स्थित समूह के करीब 11 ठिकानों पर एक साथ ‘सर्वे’ की कार्रवाई शुरू की।
साड़ी शोरूम से लेकर रियल एस्टेट तक जांच का दायरा
आयकर विभाग की टीमें सुबह-सुबह राजरतन समूह के विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पहुँचीं। जांच का दायरा केवल कपड़ा व्यापार तक ही सीमित नहीं है, बल्कि समूह के अन्य कारोबारों को भी खंगाला जा रहा है। जिन प्रमुख ठिकानों पर कार्रवाई चल रही है, उनमें शामिल है।
साड़ी शोरूम: नयागंज, दालमंडी, गुमटी नंबर-5, स्वरूप नगर, पी रोड और लाल बंगला स्थित शोरूम।
अन्य व्यापार: ग्रुप के रियल एस्टेट, डिटर्जेंट और साबुन बनाने वाली फैक्टरियों और कार्यालयों पर भी दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।
दस्तावेजों और कंप्यूटर डेटा की पड़ताल
सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग को आशंका है कि समूह ने अपनी वास्तविक आय छिपाकर बड़े पैमाने पर टैक्स की चोरी की है। कार्रवाई के दौरान टीमों ने शोरूम और कार्यालयों के एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स को बंद कर दिया है। कंप्यूटर हार्ड ड्राइव, बैलेंस शीट और अन्य वित्तीय दस्तावेजों को कब्जे में लेकर उनकी पड़ताल की जा रही है।
व्यापारी वर्ग में मची खलबली
शहर के व्यस्त व्यापारिक क्षेत्रों जैसे नयागंज और गुमटी नंबर-5 में एक साथ हुई इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। फिलहाल, आयकर विभाग के अधिकारियों ने मीडिया को कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन माना जा रहा है कि सर्वे की यह प्रक्रिया देर रात या कल तक भी जारी रह सकती है।

