Siddharthnagar News: डीएम-एसपी ने जिला कारागार का किया औचक निरीक्षण, बैरकों से लेकर भोजनालय तक की जांच
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर जनपद में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने संयुक्त रूप से जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था से लेकर बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं तक की गहनता से पड़ताल की।
अधिकारियों ने जेल के भीतर पहुँचकर सबसे पहले बंदियों की बैरकों की तलाशी ली। इसके बाद भोजनालय (मेस) का निरीक्षण कर बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता जांची। डीएम और एसपी ने खुद बंदियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली।

जेल अधीक्षक सचिन वर्मा ने अधिकारियों को आश्वस्त किया कि जेल स्टाफ द्वारा नियमित रूप से चेकिंग की जाती है। राहत की बात यह रही कि निरीक्षण के दौरान जेल के भीतर सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं और कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने जेल अधीक्षक को निर्देशित किया कि जेल के भीतर किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री (मोबाइल, नशा आदि) न पहुँचने पाए, इसके लिए प्रवेश द्वार पर सघन तलाशी ली जाए। जेल में आने वाले हर नए कैदी का स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य रूप से जेल चिकित्सकों द्वारा कराया जाए।

एसपी ने सतर्कता बरतने के दिए निर्देश
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने सुरक्षा प्रोटोकॉल को लेकर जेल प्रशासन को अलर्ट किया। उन्होंने निर्देश दिए कि बंदियों की गतिविधियों पर विशेष सतर्क दृष्टि रखी जाए। साथ ही, उन्होंने कहा कि कारागार के भीतर की किसी भी संदिग्ध गतिविधि या महत्वपूर्ण जानकारी से समय-समय पर पुलिस प्रशासन को अवगत कराते रहें। इस औचक निरीक्षण से जेल प्रशासन और सुरक्षाकर्मियों के बीच हड़कंप की स्थिति रही, लेकिन व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलने पर अधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया।
रिपोर्ट- जाकिर खान

