Lucknow News: अभिनव भारत पार्टी यूपी की 300 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, सावरकर को भारत रत्न न मिलने पर केंद्र को घेरा
Lucknow News: वीर सावरकर की पुण्यतिथि के मौके पर लखनऊ में जुटे अभिनव भारत पार्टी के दिग्गजों ने हुंकार भरी है। पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष चेतन शर्मा ने साफ कर दिया है कि अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी।
प्रेस वार्ता के दौरान चेतन शर्मा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्तित्व ने अंडमान की कालकोठरी में अमानवीय यातनाएं सहीं, उन्हें ‘भारत रत्न’ देने के लिए सरकार गंभीर नहीं दिख रही है। उन्होंने संघ प्रमुख मोहन भागवत के बयान का हवाला देते हुए कहा कि सावरकर को सम्मान मिलना ‘भारत रत्न’ का ही सम्मान होगा। शर्मा ने बताया कि पिछले साल देशभर में यात्रा निकालकर राष्ट्रपति के नाम 800 ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन नतीजा सिफर रहा।

आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर चेतन शर्मा ने कहा कि पार्टी राज्य के चुनावी रण में उतरने के लिए पूरी तरह तैयार है। पार्टी प्रदेश की लगभग 300 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की योजना बना रही है। जल्द ही चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देकर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा शुरू कर दी जाएगी।
गाय को राष्ट्र पशु घोषित करने की मांग
अधिवेशन में एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किया गया, जिसमें गाय को ‘माता’ का दर्जा देने के साथ-साथ राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की गई। पार्टी का मानना है कि केवल भावनात्मक जुड़ाव काफी नहीं है, गाय को बचाने के लिए ठोस कानूनी संरक्षण (National Animal Status) जरूरी है।

कार्यक्रम की शुरुआत ‘वंदे भारत’ गीत और भारत माता की स्तुति के साथ हुई। इस मौके पर कई प्रमुख हस्तियां जिनमें मालेगांव मामले में बरी हुए मेजर रमेश उपाध्याय, मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री कंप्यूटर बाबा, पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री ममता झा और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। देशभर से आए कार्यकर्ताओं के जोश को देखते हुए अभिनव भारत पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि वह आने वाले समय में हिंदुत्व और सावरकर की विरासत के मुद्दों को लेकर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करेगी।

