द केरल स्टोरी 2 की रिलीज पर कोर्ट ने लगाई रोक, सेंसर बोर्ड को फिर से जांच करने का आदेश
Sandesh Wahak Digital Desk: विवादों में घिरी फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ की रिलीज पर केरल हाई कोर्ट ने फिलहाल 15 दिनों के लिए अंतरिम रोक लगा दी है। कोर्ट के इस फैसले के बाद फिल्म अपनी तय तारीख पर सिनेमाघरों में नहीं उतर पाएगी। अदालत ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) को निर्देश दिया है कि वह फिल्म को लेकर उठाई गई आपत्तियों की समीक्षा करे और दो हफ्तों के भीतर अपना अंतिम फैसला दे।
फिल्म के खिलाफ तीन अलग-अलग याचिकाएं दायर की गई थीं, जिनमें फिल्म के सेंसर सर्टिफिकेट को रद्द करने की मांग की गई थी। याचिकाकर्ताओं का मुख्य तर्क है कि यह फिल्म केरल राज्य की छवि को दुनिया के सामने गलत तरीके से पेश करती है। इसमें दिखाए गए दृश्यों और संवादों से समाज में सांप्रदायिक तनाव बढ़ने का खतरा है।
मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस कुरियोन थोमस की एकल पीठ ने प्रथम दृष्टया (Prima Facie) पाया कि फिल्म को प्रमाणपत्र (सर्टिफिकेट) देते समय सेंसर बोर्ड ने पर्याप्त सावधानी नहीं बरती। अदालत ने साफ लहजे में कहा कि सीबीएफसी को याचिकाकर्ताओं द्वारा उठाई गई आपत्तियों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
केरल हाई कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक सेंसर बोर्ड याचिकाकर्ताओं की रिविजन याचिका पर नया आदेश जारी नहीं कर देता, तब तक फिल्म की रिलीज पर यह रोक जारी रहेगी। अब सबकी निगाहें सेंसर बोर्ड की अगली रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो यह तय करेगी कि फिल्म पर्दे पर आएगी या इसमें बड़े बदलाव करने होंगे।
Also Read: बरेली: शाही पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, चोरी का खुलासा कर 50 हजार के इनामी समेत 2 गिरफ्तार

