अफगान-पाक सीमा पर भीषण टकराव, तालिबान का दावा- पाकिस्तान की 15 चौकियों पर किया कब्जा
Sandesh Wahak Digital Desk: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच डूरंड लाइन पर हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। तालिबान प्रशासन (इस्लामिक अमीरात ऑफ अफगानिस्तान) ने दावा किया है कि गुरुवार रात पाकिस्तानी हवाई हमलों का करारा जवाब देते हुए उनके लड़ाकों ने सीमा पर स्थित दुश्मन की 15 सुरक्षा चौकियों को अपने नियंत्रण में ले लिया है। इस सैन्य कार्रवाई में कई पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने और कुछ को बंदी बनाए जाने की भी खबर है।
अफगानिस्तान के उप प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि सीमावर्ती इलाकों में ऑपरेशन अभी भी जारी है। उन्होंने कहा कि अफगान सेना की विशेष इकाइयां, जो अत्याधुनिक लेजर उपकरणों से लैस हैं, मोर्चे पर तैनात कर दी गई हैं। तालिबान का कहना है कि वे रात के अंधेरे का फायदा उठाकर पाकिस्तानी सेना की हर हलचल को निशाना बना रहे हैं और रणनीतिक रूप से बढ़त हासिल कर चुके हैं।
क्यों भड़की बदले की आग
इस सैन्य टकराव की मुख्य वजह पिछले दिनों पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान के नंगरहार और पक्तिका प्रांतों में की गई एयर स्ट्राइक है। संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन (UNAMA) ने पुष्टि की है कि पाकिस्तानी हमलों में 13 अफगान नागरिकों की जान गई थी, जिनमें मासूम बच्चे और महिलाएं भी शामिल थीं।

