Bulandshahr News: कांग्रेस नेत्री पूनम पंडित पर जानलेवा हमला, सिर पर तमंचा तानकर दी जान से मारने की धमकी
Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में कांग्रेस नेता पूनम पंडित के साथ उनके ही गांव में बदसलूकी और लूटपाट का मामला गरमा गया है। पूनम का आरोप है कि उनके पड़ोसी दो भाइयों, राजीव और संजीव ने घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की और मंदिर के बक्से से 12,000 रुपये लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पूनम पंडित ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि घटना से एक दिन पहले वह दनकौर से एक शादी से लौट रही थीं। रास्ते में उन्होंने अपने पड़ोसी राजीव को शराब के नशे में धुत हालत में पड़ा देखा। इंसानियत के नाते वह उसे अपने घर ले आईं, खाना खिलाया और सुरक्षित उसके घर तक छुड़वाया। लेकिन अगले दिन यानी 25 फरवरी की सुबह, कहानी पूरी तरह बदल गई। राजीव और उसका भाई संजीव पूनम के घर धमके। राजीव ने अपनी सोने की चेन खोने का आरोप लगाया। जब पूनम ने इससे इनकार किया, तो विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि संजीव ने पूनम के सिर पर तमंचा तान दिया, जबकि राजीव ने उनका गला दबाने की कोशिश की। घर में मौजूद पूनम की बुजुर्ग मां और गर्भवती भाभी के शोर मचाने पर हमलावर पीछे हटे। भागते समय वे मंदिर के बक्से से 12,000 रुपये भी ले उड़े।
पूनम का कहना है कि हमलावरों ने जाते-जाते उन्हें गांव में ‘नंगा घुमाने’ और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने इस धमकी का रिकॉर्डिंग साक्ष्य के तौर पर पुलिस को सौंप दिया है। पूनम के मुताबिक, इस हमले के पीछे उनके पूर्वजों के समय की पुरानी रंजिश भी एक बड़ी वजह हो सकती है। उन्होंने बताया कि आरोपी राजीव का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह पहले भी गांव की एक लड़की को लेकर भाग चुका है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। सीओ भास्कर मिश्रा ने बताया कि पूनम पंडित की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और दूसरे की तलाश जारी है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। पूनम पंडित ने पुलिस प्रशासन से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

