बरेली: नए घर में गृह प्रवेश के हफ्ते भर बाद सिपाही की संदिग्ध मौत, गले पर रस्सी के निशान
बरेली: उत्तर प्रदेश पुलिस के एक सिपाही मनोज मौर्य (37 वर्ष) की उनके ही नए घर में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मामला सीबीगंज के कैमफर स्टेट कॉलोनी का है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हुई थी, जिसके बाद शनिवार सुबह सिपाही का शव बरामद हुआ।
हार्ट अटैक की सूचना, पर शरीर पर मिले निशान
मृतक मनोज की पत्नी ज्योति उर्फ मीनू ने शनिवार सुबह अपने देवर और जेठ को फोन कर बताया कि मनोज को ‘हार्ट अटैक’ आया है। परिजन आनन-फानन में घर पहुंचे और मनोज को निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि, जब परिजनों ने शव को देखा तो कहानी कुछ और ही नजर आई। मनोज के गले पर रस्सी के गहरे निशान थे और शरीर पर नाखून की खरोंचें पाई गईं। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, मृतक की जीभ बाहर निकली हुई थी, जो अक्सर दम घुटने या फांसी के मामलों में देखी जाती है।
खुशियां मातम में बदलीं
मनोज मौर्य मूल रूप से सीबीगंज के लेबर कॉलोनी के रहने वाले थे। उन्होंने हाल ही में कैमफर स्टेट में अपना नया मकान बनवाया था और महज एक सप्ताह पहले ही उसमें गृह प्रवेश किया था। मनोज की तैनाती पहले अमरोहा में थी और हाल ही में उनका तबादला मुरादाबाद हुआ था। उन्होंने अभी नई जगह जॉइनिंग नहीं दी थी और अपने नए घर में सामान शिफ्ट कर रहे थे।
पुलिस की कार्रवाई और सस्पेंस
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पत्नी और परिजनों के बयानों में विरोधाभास है। गले पर रस्सी के निशान और शरीर पर खरोंचें हत्या या आत्महत्या की ओर इशारा कर रही हैं, जबकि पत्नी इसे हार्ट अटैक बता रही थी। मनोज अपने पीछे एक बेटा, एक बेटी और पत्नी को छोड़ गए हैं। पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत की असली वजह साफ हो सके।
Also Read: 15,000 करोड़ का GST घोटाला, यूपी STF ने हरियाणा से दबोचा 50,000 का इनामी ‘बल्ली

