Sultanpur News: UP STF के हत्थे चढ़ा इनामी गैंगस्टर साबिर खाँ, ढाबे पर खाना खाते वक्त दबोचा
Sultanpur News: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक बड़ी कामयाबी मिली है। एसटीएफ ने शनिवार रात सुल्तानपुर जिले के कुड़ेभार क्षेत्र से अंतरराज्यीय पशु तस्कर और गैंगस्टर साबिर खाँ उर्फ सबिल को गिरफ्तार कर लिया। साबिर चंदौली जिले के अलीनगर थाने से वांछित था और उस पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था।
एसटीएफ की टीम भगोड़े अपराधियों की तलाश में सुल्तानपुर इलाके में सक्रिय थी। इसी दौरान मुख्य आरक्षी प्रभाकर पाण्डेय और गौरव सिंह की टीम को सटीक सूचना मिली कि इनामी बदमाश साबिर खाँ अयोध्या रोड पर स्थित पाण्डेय ढाबा एवं फैमिली रेस्टोरेंट (टोल प्लाजा मुजेश के पास) पर मौजूद है। बिना देर किए टीम ने घेराबंदी की और रात करीब 9:30 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में साबिर ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि उसका एक संगठित गिरोह है जो यूपी, हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों से पशुओं को इकट्ठा कर असम और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में तस्करी करता है। अगस्त 2024 में गैंगस्टर एक्ट लगने के बाद से वह अपनी पहचान छुपाकर हरियाणा, मुंबई, दिल्ली, मध्य प्रदेश और अहमदाबाद जैसे शहरों में छिपकर रह रहा था। उसके खिलाफ अदालत से गैर-जमानती वारंट (NBW) और कुर्की (82/83 CRPC) की कार्रवाई भी पहले ही शुरू हो चुकी थी। साबिर खाँ के खिलाफ प्रतापगढ़ और चंदौली के विभिन्न थानों में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

