Lucknow News: बंद बिरयानी की दुकान के फ्रिज में मिला 25 वर्षीय युवक का शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस
Lucknow News: लखनऊ के बीकेटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत जीसीआरजी (GCRG) कॉलेज गेट के सामने स्थित एक वेज बिरयानी की दुकान में रविवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुँच गई है।
डायल 112 को सुबह करीब 10:30 बजे सूचना मिली कि कॉलेज के सामने स्थित ‘शनि रावत’ की बिरयानी की दुकान के अंदर एक लाश पड़ी है। जब पुलिस मौके पर पहुँची, तो दुकान के अंदर रखे फ्रिज में लगभग 25 वर्षीय एक युवक का शव बरामद हुआ।
तीन दिन से बंद थी दुकान
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दुकान के मालिक शनि रावत के पिता का तीन दिन पहले निधन हो गया था, जिसके कारण दुकान पिछले तीन दिनों से बंद चल रही थी। रविवार को जब दुकान खोली गई या आसपास हलचल हुई, तब इस खौफनाक वारदात का पता चला।
मौके पर पहुँचे डीसीपी (उत्तरी), एडीसीपी (उत्तरी) और एसीपी बीकेटी ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक, मृतक के शरीर पर शुरुआती तौर पर किसी भी तरह की बाहरी चोट या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए हैं। मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, लेकिन अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस हुलिये के आधार पर आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है। फिलहाल, पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Also Read: Pratapgarh News: एसटीएफ ने इनामी बदमाश मो. आमिर को बस स्टॉप के पास से किया गिरफ्तार

