Moradabad News: पुलिस और गो-तस्करों के बीच मुठभेड़, दो बदमाशों के पैर में लगी गोली
Moradabad News: मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र के खानपुर लक्खी गांव के जंगलों में शनिवार रात पुलिस और गो-तस्करों के बीच आमना-सामना हो गया। मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर तस्करों ने फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो बदमाशों को धर दबोचा।
पुलिस को सूचना मिली थी कि खानपुर लक्खी के जंगल में कुछ तस्कर गोकशी की फिराक में हैं और एक जीवित गोवंशीय पशु को बांधकर रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को अपनी ओर आता देख तस्करों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग
पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो तस्करों के पैरों में गोली लगी और वे वहीं गिर पड़े। पकड़े गए बदमाशों की पहचान मेहंदी हसन (निवासी चमरौआ) और शराफत (निवासी खानपुर लक्खी) के रूप में हुई है। हालांकि, इनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल के रास्ते फरार होने में कामयाब रहा।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही सीओ हाईवे राजेश कुमार और फील्ड यूनिट की टीम भी मौके पर पहुंच गई। तलाशी के दौरान पुलिस को वहां से दो तमंचे और भारी मात्रा में कारतूस मिले। गोकशी के लिए इस्तेमाल होने वाले धारदार उपकरण बरामद हुए। एक जीवित बछड़ा बरामद किया गया, जिसे तस्करों ने बांध रखा था।
घायल तस्करों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। पुलिस फरार हुए तीसरे आरोपी की तलाश में आसपास के इलाकों और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गोकशी और तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।
Also Read: इजरायल के हमले में ईरान के रक्षा मंत्री और IRGC चीफ समेत 7 टॉप कमांडर ढेर

