Lucknow News: इवेंट मैनेजर को बंधक बनाकर लूटने वाले 5 शातिर गिरफ्तार
Lucknow News: राजधानी के हजरतगंज थाना क्षेत्र में काम दिलाने के बहाने बुलाकर लूटपाट करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों ने शातिराना तरीके से एक इवेंट मैनेजर को अपना शिकार बनाया था, लेकिन साइबर हेल्प डेस्क और तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस उन तक पहुँचने में कामयाब रही।
निशातगंज के न्यू हैदराबाद कॉलोनी निवासी रोहित बंसल, जो इवेंट मैनेजमेंट (सजावट) का काम करते हैं, को 26 फरवरी को इन बदमाशों ने काम देने के बहाने बुलाया। झांसे में लेकर अभियुक्त उन्हें एक सुनसान जगह पर ले गए, जहाँ रोहित की आँखों पर पट्टी बांध दी गई। बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और डरा-धमकाकर उनकी सोने की चेन, घड़ी, पर्स और ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करा लिए। 27 फरवरी को मामला दर्ज होते ही पुलिस ने जांच तेज कर दी।
पूछताछ में लुटेरों ने अपना मोडस ऑपरेंडी (काम करने का तरीका) बताया। वे ऑनलाइन ऐसे लोगों की तलाश करते थे जिन्हें काम की सख्त जरूरत हो। विश्वास में लेकर उन्हें सुनसान जगह बुलाते थे, जहाँ गिरोह के अन्य साथी पहले से हथियारों के साथ मौजूद रहते थे। वहां शिकार को डराकर सारा कीमती सामान लूट लिया जाता था। पकड़े गए लुटेरे कम उम्र के हैं लेकिन काफी शातिर हैं।
नुरुद्दीन उर्फ समीर (21 वर्ष): गिरोह का मुख्य सदस्य, पहले भी जेल जा चुका है। (सब्जी विक्रेता)
रवि राजपूत (19 वर्ष): कपड़े की दुकान पर काम करता है।
आयुष यादव (28 वर्ष): कपड़े की दुकान पर काम करता है।
आयुष बाल्मीकि (19 वर्ष): सफाई कर्मी है।
गोपाल सोनी (18 वर्ष): अलीगंज क्षेत्र का निवासी।
पुलिस ने रोहित बंसल से लूटा गया सामान पूरी तरह बरामद कर लिया है। इसमें सोने की चेन (पीली धातु), पर्स और HDFC बैंक का ATM कार्ड, 14,400 रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल किए गए 4 मोबाइल फोन शामिल हैं।
पुलिस उपायुक्त (मध्य) के निर्देश पर सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) हजरतगंज के नेतृत्व में 3 टीमों का गठन किया गया था। साइबर सेल और हजरतगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई ने 28 फरवरी को ही इन बदमाशों को दबोच लिया। टीम में उपनिरीक्षक अनिल भगत, इरफान अहमद, मधुकर सिंह, निशा सिंह और अन्य जांबाज पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Also Read: UP पुलिस को मिला नया डीजी, 1994 बैच के IPS अधिकारी प्रकाश डी. बने पुलिस महानिदेशक

