उन्नाव: एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से टकराईं रोडवेज बसें, तीन की मौत, 31 घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर रविवार रात दो बड़े सड़क हादसे हुए। बांगरमऊ थाना क्षेत्र के सिरधरपुर गांव के पास मथुरा और आगरा डिपो की दो बसें एक खड़े ट्रक से जा टकराईं। इस दोहरे हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 31 यात्री लहूलुहान हो गए।
पहला हादसा: रात 12 बजे मची चीख-पुकार
घटनाक्रम के अनुसार, एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 226 पर एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। रात करीब 12 बजे आगरा फोर्ट की एक रोडवेज बस तेज रफ्तार में आई और ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर 5 एंबुलेंस की मदद से 14 घायलों को बांगरमऊ स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
दूसरा हादसा: पुलिस कार्रवाई के बीच फिर टकराई बस
अभी पुलिस पहले हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ट्रक को हटाकर प्रीतमपुरा चौकी ले जाने की तैयारी कर ही रही थी कि रात करीब 2:30 बजे आगरा फोर्ट की ही एक दूसरी बस उसी ट्रक से पीछे से टकरा गई। यह हादसा पहले वाले से भी ज्यादा भीषण था। इसमें बस में सवार 17 लोग घायल हो गए और 3 यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
अस्पताल में अफरा-तफरी, चालक की झपकी बनी वजह
बांगरमऊ सीएचसी के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों बसों के सभी 31 घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों बसों के चालकों को संभवतः झपकी आ गई थी, जिसकी वजह से वे खड़े ट्रक को देख नहीं पाए।
कोतवाल अखिलेशचंद्र पांडेय ने बताया कि मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है, उनके शवों को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है। पुलिस मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों को सूचना देने का प्रयास कर रही है।
Also Read: ईरान संकट का लखनऊ पर असर, खाड़ी देशों की सभी उड़ानें रद्द, एक दिन में ढाई हजार टिकट कैंसिल

