T20 World Cup 2026: सेमीफाइनल के लिए ICC का खास नियम, दोपहर में शुरू होगा मुकाबला!

Sandesh Wahak Digital Desk: टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने निर्णायक चरण में पहुंच चुका है। चार हफ्तों तक चले रोमांचक मुकाबलों के बाद सेमीफाइनल के लिए चार टीमें तय हो गई हैं।

डिफेंडिंग चैंपियन भारत के साथ साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड खिताब की दौड़ में बनी हुई हैं। टूर्नामेंट के सभी नॉकआउट मुकाबले भारत में खेले जाएंगे।

पहला सेमीफाइनल साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड आमने-सामने होंगी। इन दोनों मैचों की विजेता टीमें फाइनल में प्रवेश करेंगी।

सेमीफाइनल के लिए ICC का विशेष नियम

International Cricket Council ने सेमीफाइनल मुकाबलों के लिए मौसम को ध्यान में रखते हुए खास नियम बनाए हैं।

T20 World Cup 2026

दोनों सेमीफाइनल के लिए रिजर्व डे रखा गया है, ताकि बारिश या किसी अन्य कारण से मैच बाधित होने पर नतीजा निकाला जा सके।

आईसीसी के नियमों के अनुसार, निर्धारित दिन पर मुकाबला पूरा कराने की पूरी कोशिश की जाएगी। इसके लिए मैच डे पर 90 मिनट और रिजर्व डे पर 120 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

हालांकि, नतीजे के लिए दोनों टीमों का कम से कम 10 ओवर बल्लेबाजी करना जरूरी होगा।

रिजर्व डे पर बदलेगा मैच का समय

सेमीफाइनल मुकाबले सामान्य तौर पर भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होंगे। लेकिन यदि किसी मैच को रिजर्व डे पर शिफ्ट करना पड़ता है, तो उस दिन मुकाबला दोपहर 3 बजे से शुरू कराया जाएगा, ताकि पूरे 20-20 ओवर का खेल पूरा हो सके।

रिजर्व डे पर कैसे होगा खेल

अगर मैच निर्धारित दिन पर शुरू हो चुका है और किसी कारण से रोकना पड़ा, तो रिजर्व डे पर खेल उसी स्थिति से दोबारा शुरू होगा। यदि पहले दिन ओवर कम कर दिए गए थे, तो रिजर्व डे पर भी वही ओवर लागू रहेंगे।

वहीं, अगर मैच डे पर खेल शुरू ही नहीं हो पाया, तो रिजर्व डे पर पूरा 20-20 ओवर का मुकाबला कराया जाएगा।

इसके बावजूद यदि नतीजा नहीं निकलता है, तो ग्रुप स्टेज की स्थिति के आधार पर फाइनल में पहुंचने वाली टीम तय की जाएगी।

आईसीसी के इन नियमों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सेमीफाइनल मुकाबलों का फैसला मैदान पर हो और मौसम की वजह से टूर्नामेंट की रोमांचक लड़ाई अधूरी न रह जाए।

Also Read: BCCI का बड़ा ऐलान: भारत पहली बार इस टीम के खिलाफ खेलेगा वनडे सीरीज, शेड्यूल जारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.