खामेनेई की हत्या पर पुराने लखनऊ पहुंचे अजय राय, मौलाना कल्बे जव्वाद से की मुलाकात
Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान के सर्वोच्च धर्मगुरु आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद देशभर के शिया समुदाय में गम का माहौल है। इसी कड़ी में सोमवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय पुराने लखनऊ के शिया बहुल इलाकों में पहुंचे। यहां उन्होंने शोक संतप्त समुदाय के साथ अपनी संवेदनाएं साझा कीं और देश के वरिष्ठ शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद से विशेष मुलाकात की।
झुकने के बजाय बहादुरी को चुना
श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अजय राय ने आयतुल्लाह अली खामेनेई के व्यक्तित्व की सराहना की। उन्होंने कहा “खामेनेई साहब ने दुनिया के सामने एक मिसाल पेश की है। उन्होंने आत्मसमर्पण करने के बजाय बहादुरी का रास्ता चुना और शहादत को गले लगाया। पूरा देश और कांग्रेस पार्टी उनकी इस बहादुरी को नमन करती है।”
अजय राय ने इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी बड़ी वैश्विक घटना पर भारत सरकार का मौन रहना बेहद ‘शर्मनाक’ है। अजय राय ने कहा कि यह चुप्पी सरकार के नैतिक पतन को दर्शाती है और हमारी उस सभ्यता पर प्रश्नचिह्न लगाती है जिसने हमेशा दुनिया को रोशनी दिखाने का काम किया है।
उन्होंने आगे जोड़ा कि भारत और ईरान के संबंध सदियों पुराने और गहरे रहे हैं, लेकिन वर्तमान सरकार ने अपने कुछ “चुनिंदा मित्रों” को फायदा पहुँचाने के चक्कर में इन ऐतिहासिक रिश्तों को कमजोर कर दिया है।
शिया समुदाय के प्रति संवेदना
कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि इस दुख की घड़ी में कांग्रेस पार्टी न केवल ईरान के साथ है, बल्कि दुनियाभर के शिया समुदाय की भावनाओं का भी सम्मान करती है।
इस दौरे के दौरान अजय राय के साथ मौलाना शफीक शफक, शिया नेता शामिल शम्सी, कांग्रेस नेता फैजी जैदी, अब्दुल्ला शेर खान और आशीष दीक्षित समेत नगर कांग्रेस कमेटी के तमाम सदस्य मौजूद रहे।
Also Read: ‘लखनऊ आने पर शंकराचार्य का करेंगे स्वागत’, केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा बयान

