सुल्तानपुर: दो भाइयों को गोली मारने वाले मुख्य आरोपी दीपक सोनकर का ‘हाफ एनकाउंटर’
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जनऊपुर गांव में हुए खूनी संघर्ष के मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बच्चों के मामूली विवाद में दो सगे भाइयों पर अंधाधुंध फायरिंग करने वाले आरोपी दीपक सोनकर ने गिरफ्तारी के बाद भागने की कोशिश की, जिसमें पुलिस की जवाबी कार्रवाई (हाफ एनकाउंटर) में वह घायल हो गया।
दरअसल बीते बृहस्पतिवार को कोतवाली देहात के जनऊपुर गांव में बच्चों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपी पक्ष ने कई राउंड फायरिंग की। इस गोलीकांड में सगे भाइयों को गोली लगी। मोहित सोनकर की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मंगल सोनकर का लखनऊ के अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपक सोनकर को हिरासत में लेकर जब हत्या में प्रयुक्त पिस्टल बरामद करने के लिए दबिश दी, तो उसने छप्पर में छिपाई पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर ही फायरिंग झोंक दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई
आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में एक गोली दीपक सोनकर के पैर में लगी। घायल अवस्था में उसे पुलिस ने दबोच लिया। एएसपी अखंड प्रताप सिंह के अनुसार, आरोपी को तत्काल मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत खतरे से बाहर है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर 5 नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की स्वाट (SWAT) और सर्विलांस टीमें अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
Also Read: नीतीश कुमार के दिल्ली प्रस्थान के साथ बिहार में ‘जेपी युग’ का अंत, अब भाजपा के सामने बड़ी चुनौती

