अनिल अंबानी पर ED का बड़ा एक्शन, रिलायंस पावर के 12 ठिकानों पर छापेमारी

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रवर्तन निदेशालय (ED) की 15 टीमों ने आज सुबह-सुबह अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस पावर के ठिकानों पर दस्तक दी। मुंबई और हैदराबाद समेत कुल 10 से 12 जगहों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, यह छापेमारी रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (RCom) से जुड़े बैंक लोन घोटाले और उससे जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग की जांच का हिस्सा है।

जांच में सामने आया है कि अनिल अंबानी की कंपनी आरकॉम (RCom) और उनके समूह की अन्य कंपनियों ने देश-विदेश के बैंकों से भारी भरकम कर्ज लिया था। वर्तमान में इन कंपनियों पर करीब 40,185 करोड़ रुपये का बकाया है, जो अब NPA (डूबा हुआ कर्ज) बन चुका है। आरोप है कि बैंकों से लिए गए इस पैसे का गलत इस्तेमाल किया गया और उसे मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए इधर-उधर घुमाया गया।

3,700 करोड़ का बंगला अबोड पहले ही हो चुका है कुर्क

हाल ही में 25 फरवरी को ईडी ने अनिल अंबानी के मुंबई स्थित आलीशान घर ‘अबोड’ (Abode) को अस्थायी रूप से कुर्क (Attach) कर लिया था। पाली हिल स्थित इस संपत्ति की कीमत करीब 3,716 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस समूह की अब तक कुर्क की गई संपत्तियों का कुल मूल्य 15,700 करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है।

ईडी की जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोप है कि अनिल अंबानी ने अपनी व्यक्तिगत देनदारियों और बैंकों की गारंटी से बचने के लिए पाली हिल वाली संपत्ति को एक प्राइवेट फैमिली ट्रस्ट के नाम कर दिया था। जांच एजेंसी का मानना है कि इस कॉर्पोरेट रिस्ट्रक्चरिंग का मकसद दुनिया को यह दिखाना था कि इस घर से अनिल अंबानी का सीधा कोई लेना-देना नहीं है, जबकि हकीकत में इसका पूरा लाभ और उपयोग अंबानी परिवार ही कर रहा था।

Also Read: असम में सुखोई-30 फाइटर जेट क्रैश, ट्रेनिंग मिशन के दौरान रडार से हुआ था गायब, दोनों पायलटों की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.