Pratapgarh News: भयहरण नाथ धाम में 8 मार्च को सजेगी होली की महफिल, जुटेंगे दिग्गज साहित्यकार
Pratapgarh News: प्रतापगढ़ के ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व वाले भयहरण नाथ धाम में इस बार की होली बेहद खास होने वाली है। भक्ति, साहित्य और लोक कला के अनूठे संगम के साथ 8 मार्च को यहां ‘होली मिलन समारोह’ का भव्य आयोजन किया जाएगा।
पांडवकालीन प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भयहरण नाथ धाम में आगामी 8 मार्च (रविवार) को पारंपरिक होली उत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर धाम की प्रबंध समिति द्वारा राज्य स्तरीय कवि सम्मेलन और लोक गायन के विविध कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है, जिसमें साहित्य और संगीत जगत की बड़ी हस्तियां शिरकत करेंगी।
फूलों की होली से होगा उत्सव का आगाज
होली मिलन की शुरुआत धाम के मुख्य मंदिर समेत सभी देवी-देवताओं के साथ प्रतीक रूप में फूलों की होली खेलकर की जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए यह एक दिव्य और मनोरम दृश्य होगा, जहां पूरी श्रद्धा के साथ अबीर-गुलाल की जगह पुष्प वर्षा कर खुशियां मनाई जाएंगी।
कविता और हास्य की फुहारें
उत्सव के केंद्र में रहने वाले राज्य स्तरीय कवि सम्मेलन की अध्यक्षता सुप्रसिद्ध हास्य कवि और पुरातत्वविद राजेश पांडेय ‘निर्झर’ करेंगे। इस महफिल में शामिल होने वाले प्रमुख कवियों में बलिया के सुप्रसिद्ध जन कवि प्रकाश जी (साहित्य भूषण सम्मानित), फतेहपुर से हिंदू-मुस्लिम एकता की प्रतीक रजिया सुल्तान, रायबरेली से डॉ. पीयूष मिश्र, प्रयागराज से वेदानंद वेद और प्रशांत भरुहिया हैं।
प्रतापगढ़ के स्थानीय रत्न डॉ. अशोक अग्रहरि, आशा लता यादव और आलोक बैरागी सहित कई अन्य रचनाकार अपनी वाणी से श्रोताओं को आनंदित करेंगे।
लोकगीत और फगुआ की गूंज
संगीत के शौकीनों के लिए राष्ट्रीय लोक गायिका प्रतिमा मिश्रा फगुआ और अन्य पारंपरिक होली गीत प्रस्तुत करेंगी। साथ ही स्थानीय लोकगायक अजब नारायण पांडेय और क्षेत्रीय कलाकार सामूहिक फगुआ गायन के जरिए ग्रामीण अंचलों की खुशबू बिखेरेंगे।
प्रमुख अतिथियों की मौजूदगी
भयहरण नाथ धाम क्षेत्रीय विकास संस्थान के महासचिव समाज शेखर ने बताया कि महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में लोकप्रिय विधायक जीत लाल पटेल, विशिष्ट अतिथि के रुप में राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि राय साहब सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक कुमार ‘मुन्ना यादव’ और पूर्व ब्लॉक प्रमुख कृष्ण कांत मिश्र शिरकत करेंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धाम के अध्यक्ष राज कुमार शुक्ल, कार्यवाहक अध्यक्ष लाल जी सिंह और कार्यालय प्रभारी संजीव मिश्र समेत पूरी टीम व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी है। स्वच्छता और सुरक्षा के लिए विशेष वालंटियर्स तैनात किए गए हैं।
रिपोर्ट: विनोद मिश्रा
Also Read: देवरिया: ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा का मोबाइल हैक, साइबर ठगों ने ‘SDM’ बनकर ऐंठे 40 हजार रुपये

