Lucknow Police: 12 करोड़ की हेरोइन के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार, क्रेटा कार से कर रहा था तस्करी
Lucknow Police: उत्तर प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के अभियान में एएनटीएफ (ANTF) थाना बाराबंकी ने एक बड़ी मछली को जाल में फंसाया है। पुलिस ने लखनऊ के चौक इलाके से एक सक्रिय तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से लगभग 5.549 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद ड्रग्स की कीमत करीब 12 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
एएनटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशन में टीम लगातार मादक पदार्थों की तस्करी पर नजर रख रही थी। शुक्रवार (6 मार्च) को सटीक सूचना के आधार पर बाराबंकी एएनटीएफ और लखनऊ के चौक थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से आगा बाकर इमामबाड़ा के सामने मैदान में घेराबंदी की। यहाँ से पुलिस ने मो. इमरान को गिरफ्तार किया, जो मूल रूप से बाराबंकी के जैदपुर का रहने वाला है और फिलहाल लखनऊ के ठाकुरगंज में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी के पास से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक हुंडई क्रेटा कार, मोबाइल फोन और 6,080 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। इसके अलावा उसके पास से आधार कार्ड, पैन कार्ड और एटीएम कार्ड जैसे दस्तावेज भी मिले हैं।
गिरफ्तार इमरान ने पूछताछ में बताया कि वह यह हेरोइन कैम्पबेल रोड पर एक अज्ञात व्यक्ति से कम दाम में खरीदता था। वह ड्रग्स की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर शहर के अलग-अलग हिस्सों में ऊंचे दामों पर बेचता था। शुक्रवार को भी वह माल की डिलीवरी देने ही आया था कि पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
एएनटीएफ की इस कामयाबी से ड्रग माफियाओं की कमर टूट गई है। पुलिस अब इमरान से मिले सुरागों के आधार पर फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज पर काम कर रही है। यानी यह पता लगाया जा रहा है कि यह माल कहां से आया था और इसे किन-किन लोगों को बेचा जाना था। पुलिस को उम्मीद है कि इस मामले में जल्द ही कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
Also Read: Barabanki News: बदमाशों ने अधिवक्ता को पेट में मारी गोली, हालत गंभीर

