Lucknow News: सीएम योगी की मां पर अभद्र टिप्पणी से फूटा गुस्सा, मौलाना का पुतला फूंककर जताया विरोध

Lucknow News: बिहार के मौलाना अब्दुल्ला सलीम द्वारा सीएम योगी आदित्यनाथ की मां के खिलाफ दिए गए आपत्तिजनक बयान के विरोध में शनिवार को राजधानी लखनऊ का हजरतगंज चौराहा नारों से गूंज उठा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए मौलाना का पुतला फूंका और गिरफ्तारी की मांग की।

मामला बिहार में रमजान के दौरान हुई एक मजहबी तकरीर से जुड़ा है। आरोप है कि मौलाना अब्दुल्ला सलीम ने उत्तर प्रदेश के गौकशी कानून की आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी पर बेहद आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी की। इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही उत्तर प्रदेश के हिंदू संगठनों और साधु-संतों में भारी आक्रोश फैल गया।

हजरतगंज में प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि अगर 4 दिनों के भीतर मौलाना के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं हुई, तो वे पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन करेंगे।

महंत राजू दास की तीखी प्रतिक्रिया

अयोध्या के हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने इस मामले पर बेहद सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने बिहार सरकार को चेतावनी देते हुए कहा, सरकार या तो मौलाना को जेल भेजे या ईश्वर के पास मेल करे। उन्होंने इस बयान को केवल एक मुख्यमंत्री की मां का अपमान नहीं, बल्कि मां भारती और गौमाता का अपमान बताया है।

दर्ज हुई FIR, कार्रवाई की मांग तेज

सिर्फ विरोध प्रदर्शन ही नहीं, मामला कानूनी दहलीज तक भी पहुंच गया है। गौसेवा संगठन के अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने लखनऊ के आलमबाग थाने में मौलाना के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि यह बयान समाज में नफरत और वैमनस्य फैलाने की सोची-समझी साजिश है।

Also Read: LPG सिलेंडर की कीमतों में तगड़ा उछाल, खरगे बोले- जनता पर महंगाई का हंटर चला रहे हैं PM

Get real time updates directly on you device, subscribe now.