DTC बस में सफर कर CM Rekha Gupta ने परखी सहेली पिंक NCMC कार्ड की सुविधा
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) ने शनिवार 7 मार्च को सहेली पिंक NCMC कार्ड के साथ डीटीसी बस में सफर किया। इस दौरान उन्होंने खुद अनुभव किया कि यह सुविधा जमीनी स्तर पर किस तरह काम कर रही है। सफर के दौरान मुख्यमंत्री काफी खुश नजर आईं और उन्होंने बस में सवार महिला यात्रियों के साथ तस्वीरें भी क्लिक करवाईं।
दरअसल हाल ही में दिल्ली सरकार ने महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा योजना की आधिकारिक घोषणा की है। इस योजना में अब कागजी पर्चियों की जगह डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे महिलाओं का सफर पहले से ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो सके।
CM Rekha Gupta ने शेयर कीं तस्वीरें
यहां मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) ने अपनी इस यात्रा की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी साझा कीं। इन तस्वीरों में वह महिला बस कंडक्टर से बातचीत करती हुई नजर आ रही हैं। इसके साथ ही वह बस में सफर कर रहीं महिला यात्रियों के साथ सेल्फी लेती भी दिखाई दीं। बस में मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर यात्री भी काफी उत्साहित नजर आए।
आज सहेली पिंक NCMC कार्ड के साथ DTC बस में सफर किया और अनुभव किया कि यह सुविधा ज़मीनी स्तर पर कैसे काम कर रही है।
बस में चढ़ते ही कार्ड को मशीन पर सिर्फ टैप करना होता है और यात्रा तुरंत दर्ज हो जाती है। पूरी प्रक्रिया तेज, आसान पारदर्शी है।
दिल्ली की माताओं, बहनों और बेटियों के… pic.twitter.com/g6YpBUAd4u
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) March 7, 2026
महिलाओं से कार्ड बनवाने की अपील
मुख्यमंत्री (CM Rekha Gupta) ने अपनी पोस्ट में बताया कि बस में चढ़ते ही कार्ड को मशीन पर केवल टैप करना होता है और यात्रा तुरंत दर्ज हो जाती है। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया तेज, आसान और पारदर्शी है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली की माताओं, बहनों और बेटियों के लिए यह एक बेहद सुविधाजनक व्यवस्था है।
उन्होंने बताया कि शहर के विभिन्न केंद्रों पर यह कार्ड मुफ्त में बनाया जा रहा है। इसके लिए महिलाओं को केवल आधार नंबर और मोबाइल नंबर के साथ रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके बाद वे डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ उठा सकती हैं। मुख्यमंत्री ने सभी महिलाओं से सहेली पिंक NCMC कार्ड बनवाने और इस सुविधा का पूरा लाभ उठाने की अपील की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया था शुभारंभ
दरअसल सहेली पिंक NCMC कार्ड का शुभारंभ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 1 मार्च 2026 को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘सशक्त नारी, समृद्ध दिल्ली’ कार्यक्रम के दौरान किया था। इस योजना के तहत डीटीसी बसों में महिला यात्रियों के लिए पहले मिलने वाले गुलाबी टिकटों की जगह अब पिंक नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड लाया गया है।
सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाना लक्ष्य
आपको बताते चैलन कि इस योजना के पहले ही दिन राजधानी में रहने वाली 3,600 से अधिक महिलाओं को “सहेली पिंक” राष्ट्रीय साझा गतिशीलता कार्ड यानी एनसीएमसी जारी किए गए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाना है। इसके साथ ही इस योजना के जरिए महिलाओं और ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए मुफ्त यात्रा के वादे को भी पूरा किया जा रहा है। इस योजना का लाभ मुख्य रूप से दिल्ली की निवासी महिलाओं को मिलेगा। जिन महिलाओं के आधार कार्ड पर दिल्ली का पता दर्ज है, वे इस कार्ड के लिए पात्र होंगी और डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा प्राप्त कर सकेंगी।
Also Read: Kushinagar News: सुकरौली ब्लॉक प्रमुख बोलीं- शिक्षित महिला ही बदलेगी समाज की तस्वीर

