‘इमरती तो मशहूर थी ही, अब जौनपुर की नमकीन भी खाऊंगा’, CM योगी ने गोद में उठाकर बच्चियों को दुलारा

Sandesh Wahak Digital Desk: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर रविवार को राजधानी लखनऊ में एक अद्भुत नजारा दिखा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने न केवल 5,000 महिलाओं को रोजगार की सौगात दी, बल्कि मंच पर मौजूद नन्हीं बच्चियों और प्रदेश भर से आईं ‘शक्ति स्वरूपा’ महिलाओं के साथ एक अभिभावक की तरह वक्त बिताया।

कार्यक्रम का सबसे भावुक पल तब आया जब जौनपुर की ‘ड्रोन दीदी’ दुर्गा मौर्या मंच पर बोलने के लिए खड़ी हुईं। मुख्यमंत्री ने उन्हें तुरंत रोकते हुए बड़े सम्मान से कहा, “आप कुर्सी पर बैठ जाइए, बैठकर आराम से अपनी बात कहिए।” दुर्गा ने जब अपनी सफलता की कहानी सुनाई और बताया कि उन्होंने नमकीन की फैक्ट्री भी लगा ली है, तो सीएम मुस्कुरा उठे। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, “हम तो जानते थे जौनपुर की सिर्फ इमरती फेमस है, अब आपकी नमकीन भी आ गई है। जब भी जौनपुर आऊंगा, इमरती के साथ आपकी नमकीन जरूर खाऊंगा।”

सफेद टेडी बियर और सीएम की ममता

मंच पर जब नन्हीं शानवी गुप्ता पहुंचीं, तो मुख्यमंत्री का वात्सल्य उमड़ पड़ा। उन्होंने शानवी को एक प्यारा सा सफेद टेडी बियर भेंट किया और उसे अपनी गोद में उठा लिया। सीएम ने बच्ची से पूछा, “ये पैसे जो मिले हैं, इससे क्या करोगी? अपने लिए नए कपड़े खरीदोगी?” मुख्यमंत्री को एक पिता की तरह बच्चों से बात करते देख पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। लोगों के मुंह से बस यही निकला— “बेटियां अब वाकई सुरक्षित हाथों में हैं।”

सुरक्षा पर हुंकार: “अगले चौराहे पर यमराज के दूत खड़े हैं”

महिला सुरक्षा के मुद्दे पर मुख्यमंत्री का कड़ा रुख भी दिखा। उन्होंने साफ लहजे में अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा, “आज यूपी की बेटी निडर होकर स्कूल जाती है। अगर किसी शोहदे ने दुस्साहस किया, तो अगले चौराहे पर उसका टिकट काटने के लिए यमराज के दूत बैठे हैं।” ### बेटियों के संघर्ष को सलाम

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं को तरक्की के ‘टिप्स’ भी दिए।

वाराणसी की सीता देवी से पूछा कि ई-रिक्शा चलाते हुए क्या उन्हें डर नहीं लगता? सीता के “नहीं” कहने पर सीएम ने प्रशंसा की।

चंदौली की सोनी को सुझाव दिया कि फूलों की खेती के साथ-साथ वे सूखे फूलों से अगरबत्ती और इत्र बनाने का काम भी शुरू करें।

गाजीपुर की प्रमिला और छात्रा सायरा बानो के साथ भी उन्होंने आत्मीय चर्चा की।

2017 से पहले सिर्फ डिबेट थी, अब हकीकत है

कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर और बेबी रानी मौर्य ने भी इस मौके पर अपने विचार रखे। मंत्रियों ने कहा कि पहले महिला सशक्तिकरण केवल टीवी की चर्चाओं तक सीमित था, लेकिन आज योगी सरकार चट्टान की तरह बेटियों के पीछे खड़ी है। 2017 के बाद से वर्दी पहने बेटियों को चौराहों पर देख हर प्रदेशवासी का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है।

Also Read: यूपी में डिजिटल क्रांति का ‘प्रोजेक्ट गंगा’, 20 लाख घरों तक पहुंचेगा हाई-स्पीड इंटरनेट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.