Lucknow News:  जानें 1090 चौराहे की सूरत बदलने वाला 570 करोड़ का मास्टर प्लान!

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ की रफ्तार को बढ़ाने के लिए योगी सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। शहर के दिल कहे जाने वाले 1090 चौराहे और समतामूलक चौक पर लगने वाले ट्रैफिक जाम को खत्म करने के लिए 570 करोड़ रुपये की लागत से एक शानदार फ्लाईओवर बनने जा रहा है। स्मारक समिति की ओर से ‘नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट’ (NOC) मिलने के बाद अब इस प्रोजेक्ट का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।

कैसा होगा यह फ्लाईओवर?

ग्रीन कॉरिडोर योजना के तीसरे चरण में बनने वाला यह फ्लाईओवर आधुनिक इंजीनियरिंग का नमूना होगा। इसकी कुल लंबाई 2.02 किलोमीटर होगी और यह 4 लेन का बनाया जाएगा। यह बैकुंठधाम से शुरू होकर ला मार्टिनियर बॉयज स्कूल तक जाएगा। यह फ्लाईओवर 1090 चौराहे के ऊपर से नहीं बल्कि उसके पास से गुजरेगा, जिससे चौराहे की खूबसूरती पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

इन इलाकों को मिलेगा सीधा फायदा

इस फ्लाईओवर के तैयार हो जाने के बाद आईअईएम (IIM) रोड से गोमती नगर और हजरतगंज की ओर आने-जाने वाले लोगों को समतामूलक और 1090 चौराहे के सिग्नल पर रुकना नहीं पड़ेगा। इससे न केवल समय बचेगा, बल्कि ईंधन की भी बचत होगी।

स्मारक समिति की कड़ी शर्तें

फ्लाईओवर का कुछ हिस्सा गोमती पार्क और अंबेडकर विहार के पास से गुजर रहा है, इसलिए प्रबंध समिति ने कुछ जरूरी शर्तों के साथ मंजूरी दी है। निर्माण के दौरान पार्कों में लगी मूर्तियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। काम खत्म होने के बाद पार्कों की हरियाली को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) अपने खर्च पर पहले जैसा दुरुस्त करेगा। जमीन का मालिकाना हक नहीं बदलेगा और पार्कों के मूल स्वरूप से कोई छेड़छाड़ नहीं की जाएगी।

कब तक बनकर होगा तैयार?

प्रोजेक्ट मैनेजर एके सेंगर के मुताबिक, अगले 3 महीने के भीतर टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद इसे 2 साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यानी साल 2028 तक लखनऊ की यह बड़ी समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी।

Also Read: UP SI परीक्षा में ‘सेंधमारी’ पड़ेगी महंगी, भर्ती बोर्ड ने जारी किया गोपनीय WhatsApp नंबर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.