मध्य प्रदेश में छिपा बैठा 50,000 का इनामी तस्कर गिरफ्तार, गोंडा पुलिस को थी लंबे समय से तलाश
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता जैसे गंभीर मामलों में वांछित अपराधी मोहम्मद बिलाल को मध्य प्रदेश के शिवपुरी से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। बिलाल पर उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से ₹50,000 का इनाम घोषित था।
शिवपुरी के मार्केट में काट रहा था फरारी
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि गोंडा के परसपुर थाने में दर्ज मुकदमे का मुख्य आरोपी बिलाल मध्य प्रदेश में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा है। इस सूचना पर उप-निरीक्षक प्रताप नारायण सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने शिवपुरी के ककरवाया स्थित ‘साईं मार्केट’ में दबिश दी और रविवार दोपहर करीब 1:00 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।
कैसे खुला तस्करी का राज?
पूछताछ के दौरान बिलाल ने कुबूल किया कि उसका एक बड़ा अंतर्राज्यीय गिरोह है। यह गिरोह उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और बिहार जैसे राज्यों से गोवंशीय पशुओं की तस्करी कर उन्हें असम और पश्चिम बंगाल जैसे दूरदराज के इलाकों में सप्लाई करता है।
बिलाल ने बताया कि 5 जनवरी 2024 को वह अपने साथियों के साथ एक ट्रक में पशुओं को लोड करवा रहा था, तभी पुलिस के आने की भनक मिलते ही वह मौके से फरार हो गया था। तब से वह पुलिस से बचने के लिए मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में छिप रहा था।
अपराध की लंबी फेहरिस्त
पकड़ा गया अभियुक्त बिलाल मूल रूप से अमरोहा का रहने वाला है, लेकिन उसके कारनामे पूरे प्रदेश में फैले हुए हैं।
गोंडा: थाना परसपुर में गोवध अधिनियम के तहत वांछित।
कुशीनगर: थाना तरया सुजान में हत्या के प्रयास (धारा 307) और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज।
गैंगस्टर एक्ट: कुशीनगर पुलिस ने उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की है।
आगे की कार्रवाई
एसटीएफ ने बिलाल को गिरफ्तार कर गोंडा के परसपुर थाने में दाखिल कर दिया है। अब स्थानीय पुलिस उसे रिमांड पर लेकर उसके गिरोह के अन्य सदस्यों और तस्करी के पूरे रूट का पता लगाएगी।
Also Read: Lucknow News: जानें 1090 चौराहे की सूरत बदलने वाला 570 करोड़ का मास्टर प्लान!

