Lucknow News: हर्ष फायरिंग का वीडियो हुआ वायरल, पुलिस ने दबोचे 2 आरोपी

Lucknow News: लखनऊ के जानकीपुरम थाना क्षेत्र में हर्ष फायरिंग करने वाले दो अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच की और कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस अब दोनों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

वायरल वीडियो से हुई पहचान

जानकारी के अनुसार 9 मार्च 2026 को सोशल मीडिया पर हर्ष फायरिंग से जुड़ा एक वीडियो वायरल होने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद थाना जानकीपुरम की पुलिस टीम ने वीडियो की जांच शुरू की। जांच के दौरान वीडियो में फायरिंग करते दिखाई दे रहे लोगों की पहचान नीरज कुमार रावत पुत्र जितेन्द्र कुमार और पंकज कुमार पुत्र जितेन्द्र कुमार के रूप में हुई। दोनों आरोपी ग्राम तिवारीपुर थाना जानकीपुरम लखनऊ के रहने वाले हैं।

पूछताछ में सामने आई दो साल पुरानी घटना

पहचान होने के बाद उप निरीक्षक नीलेन्द्र प्रताप पुलिस टीम के साथ ग्राम तिवारीपुर पहुंचे और दोनों आरोपियों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले व्यक्ति वही हैं। उन्होंने बताया कि वीडियो में जो बन्दूक और रिवाल्वर दिखाई दे रहे हैं वे उनके दादा शत्रोहन के नाम से लाइसेंसी हैं। आरोपियों के अनुसार यह वीडियो करीब दो वर्ष पुराना है और उस समय हथियारों की सफाई के बाद उन्हें चेक करने के उद्देश्य से हवाई फायर किया गया था।

शांति भंग होने की आशंका में की गई गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार संज्ञेय अपराध की संभावना और लोक शांति भंग होने से रोकने के दृष्टिगत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने नीरज कुमार रावत और पंकज कुमार को हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य थानों और जनपदों से भी जुटाई जा रही है।

दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास

वहीं पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी एक मामला दर्ज है। नीरज कुमार रावत और पंकज कुमार के खिलाफ मु0अ0सं0 185/2021 के तहत धारा 147, 308, 323, 504, 506 और 427 भादवि में थाना जानकीपुरम लखनऊ में मामला दर्ज है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

 

Also Read: RLJP में बड़ा बदलाव, Prince Raj बने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष

Get real time updates directly on you device, subscribe now.