Azamgarh News: 55 की उम्र में सातवीं शादी की तैयारी, बेटे ने लगाई पुलिस से गुहार
Azamgarh News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां अहरौला थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले नाबालिग बेटे ने अपने ही 55 वर्षीय पिता पर सातवीं शादी की तैयारी करने का आरोप लगाया है। बेटे ने अहरौला थाने में तहरीर देकर पिता की शादी पर रोक लगाने की मांग की है। बेटे का कहना है कि उसके पिता अब तक छह शादियां कर चुके हैं और अब सातवीं शादी की तैयारी में लगे हुए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पिता पर कई शादियां करने का आरोप
अहरौला थाना क्षेत्र के रहने वाले नाबालिग छात्र ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके पिता की उम्र करीब 55 वर्ष है और वह अब तक छह शादियां कर चुके हैं। छात्र का कहना है कि उसके पिता ने उसकी मां से तीसरी शादी की थी। इससे पहले वह दो शादियां कर चुके थे। अब वह सातवीं शादी करने की तैयारी में लगे हुए हैं, जिससे परिवार में विवाद की स्थिति पैदा हो गई है।
2024 में की थी छठवीं शादी
पीड़ित बेटे के अनुसार उसके पिता ने वर्ष 2024 में छठवीं शादी की थी। लेकिन शादी के कुछ दिन बाद ही पत्नी ने जमीन अपने नाम कराने और जेवर की मांग शुरू कर दी। बेटे का कहना है कि जब उसके पिता ने जमीन और जेवर देने से इनकार किया तो पत्नी घर छोड़कर चली गई।

जमीन बेचने की तैयारी का आरोप
नाबालिग बेटे का आरोप है कि अब उसके पिता सातवीं शादी करने के लिए लोगों से संपर्क कर रहे हैं। उसने यह भी आरोप लगाया है कि पिता इस शादी के लिए बची हुई जमीन बेचने की कोशिश कर रहे हैं। बेटे का कहना है कि जमीन बेचने के लिए उसके पिता ने किसी व्यक्ति से 50 हजार रुपये एडवांस भी ले लिया है।
बेटे ने यह भी बताया कि उसके पिता पहले ही आधे से ज्यादा जमीन गिरवी रख चुके हैं और कई बार वह खुद भी पिता का कर्ज चुका चुका है।
परीक्षा देने घर आया था बेटा
नाबालिग छात्र फिलहाल 12वीं कक्षा में पढ़ता है। वह परीक्षा देने के लिए घर आया हुआ था। इसी दौरान उसे अपने पिता की सातवीं शादी की तैयारी की जानकारी मिली। इसके बाद उसने अहरौला थाने पहुंचकर इस मामले में शिकायत दर्ज कराई और पिता की शादी रुकवाने की मांग की।
पुलिस कर रही है पूरे मामले की जांच
पुलिस के अनुसार मामले में जमीन और विरासत के बंटवारे को लेकर विवाद की बात भी सामने आ रही है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान एक आवेदक की ओर से प्रार्थना पत्र दिया गया था, जिसमें उसके पिता द्वारा सातवीं शादी करने और अन्य आरोप लगाए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में भूमि और वरासत के बंटवारे को लेकर विवाद सामने आया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Lucknow News: हर्ष फायरिंग का वीडियो हुआ वायरल, पुलिस ने दबोचे 2 आरोपी

