Hardoi News: अविमुक्तेश्वरानंद ने मौलाना को दी सख्त चेतावनी, बोले- मातृशक्ति का अपमान कतई बर्दाश्त नहीं

Hardoi News: बिहार के मौलाना अब्दुल्ला सलीम द्वारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी के खिलाफ इस्तेमाल किए गए अपशब्दों पर संतों और हिंदू समाज में भारी रोष है। अपनी गोप्रतिष्ठा धर्मयुद्ध यात्रा के दौरान हरदोई पहुंचे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने इस बयान की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे पूरे समाज का अपमान बताया है।

स्वामी ने मौलाना के बयान को बेहद शर्मनाक और ओछी मानसिकता का परिचायक बताया। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, योगी आदित्यनाथ की मां सिर्फ उनकी निजी मां नहीं हैं, वे हम सबकी मां के समान हैं। समाज की हर महिला हमारी मातृशक्ति है और उनका सम्मान करना हमारा परम कर्तव्य है। उन्होंने साफ लहजे में ‘खबरदार’ कहते हुए नसीहत दी कि भविष्य में ऐसी घृणित बयानबाजी से दूर रहें, क्योंकि यह न केवल अपमानजनक है बल्कि सामाजिक सद्भाव को भी बिगाड़ती है।

पिता से 100 गुना बड़ा है मां का दर्जा

शंकराचार्य ने संस्कृत के श्लोक “पितुः शतगुणी माता गौरवेणातिरिच्यते” का उदाहरण देते हुए समझाया कि शास्त्रों में मां का स्थान पिता से सौ गुना ऊपर और सर्वोपरि माना गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब इस्लाम में भी मां का दर्जा बहुत ऊंचा है, तो एक धर्मगुरु होकर ऐसे अपशब्द बोलना उनके अपने धर्म को छोटा बनाता है। उन्होंने मुस्लिम समाज को भी नसीहत दी कि वे अपने प्रचारकों को मर्यादा में रहने की सीख दें।

काशी से लखनऊ तक धर्मयुद्ध

आपको बता दें कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद इन दिनों अपनी विशेष ‘गोप्रतिष्ठा धर्मयुद्ध यात्रा’ पर हैं, जो 7 मार्च को वाराणसी (काशी) से शुरू हुई है। यह यात्रा कल, 11 मार्च को लखनऊ पहुंचेगी, जहाँ एक विशाल धर्मसभा का आयोजन किया जाना है। लखनऊ पहुंचने से ठीक पहले हरदोई में दिया गया उनका यह बयान राजनीतिक और धार्मिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।

Also Read: NCERT ने बिना शर्त न्यायपालिका से मांगी माफी, वापस ली विवादित किताब

Get real time updates directly on you device, subscribe now.