Sitapur News: प्यार के लिए तोड़ी मजहब की दीवार, पूजा बन रिजवाना ने आशुतोष के साथ लिए सात फेरे
Sitapur News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से एक ऐसी प्रेम कहानी सामने आई है जिसने पूरे इलाके का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। यहाँ एक मुस्लिम युवती ने अपने प्यार को पाने के लिए इस्लाम छोड़कर हिंदू धर्म अपना लिया और अपने प्रेमी के साथ मंदिर में रीति-रिवाज से विवाह कर लिया। यह मामला तंबौर इलाके का है, जिसकी चर्चा अब हर तरफ हो रही है।
तंबौर कस्बे के ककरहा गांव की रहने वाली रिजवाना और महराजगंज के आशुतोष यादव पिछले दो साल से एक-दूसरे के प्यार में थे। दोनों साथ जीना-मरना चाहते थे, लेकिन अलग-अलग धर्म होने के कारण उनके परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे। पारिवारिक अड़चनों के बावजूद दोनों ने हार नहीं मानी और साथ रहने का फैसला किया।
शादी की राह आसान करने के लिए युवती ने स्वेच्छा से सनातन धर्म स्वीकार किया और अपना नाम बदलकर ‘पूजा’ रख लिया। इसके बाद, दोनों ने एक मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हिंदू रीति-रिवाजों के साथ शादी की। अग्नि के फेरे लेकर दोनों ने एक-दूसरे को अपना जीवनसाथी स्वीकार किया।
अपनों ने बनाई दूरी, संगठन ने निभाया साथ
इस अनोखी शादी से दोनों के परिवारों ने दूरी बनाए रखी। ऐसे में राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता उनके समर्थन में आगे आए और पूरी सुरक्षा के बीच विवाह संपन्न कराया। संगठन के कार्याध्यक्ष सीनू मिश्रा ने बताया कि दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से साथ रहना चाहते थे। परिवारों की असहमति के कारण संगठन ने उनकी मदद की। विवाह के बाद नवविवाहित जोड़ा सुरक्षा के लिहाज से किसी गोपनीय स्थान के लिए रवाना हो गया है।

