Team India Victory Parade: मुंबई की सड़कों पर फिर उमड़ेगा नीला समंदर, विक्ट्री परेड को लेकर बड़ा अपडेट

Sandesh Wahak Digital Desk: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऐतिहासिक जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल चरम पर है।

भारतीय क्रिकेट टीम ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को हराकर आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी अपने नाम की।

अब फैंस की निगाहें उस पल पर टिकी हैं, जब चैंपियन टीम मुंबई की सड़कों पर विक्ट्री परेड के जरिए जश्न मनाएगी।

हालांकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अभी तक विक्ट्री परेड की आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं की है, लेकिन तैयारियां शुरू होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, यह भव्य परेड 11 या 12 मार्च के आसपास आयोजित की जा सकती है।

Team India Victory Parade

पहले दिल्ली, फिर मुंबई

मिली जानकारी के अनुसार, टीम इंडिया सबसे पहले नई दिल्ली जाएगी, जहां खिलाड़ियों की नरेंद्र मोदी से मुलाकात हो सकती है।

यह भेंट प्रधानमंत्री आवास पर होने की संभावना है। फाइनल जीत के तुरंत बाद प्रधानमंत्री मोदी ने टीम को बधाई देते हुए इसे देश के लिए गौरव का क्षण बताया था।

मुंबई में भव्य रोड शो

दिल्ली से लौटने के बाद टीम मुंबई पहुंचेगी, जहां ओपन-बस विक्ट्री परेड का आयोजन होने की उम्मीद है। परंपरा के मुताबिक यह रोड शो मरीन ड्राइव पर हो सकता है।

परेड की शुरुआत नरीमन पॉइंट स्थित एनसीपीए से होकर होने की संभावना है और इसका समापन ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में किया जाएगा। अनुमान है कि यह परेड शाम करीब 5 बजे शुरू होगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा प्रशंसक इसमें शामिल हो सकें।

वानखेड़े में सम्मान समारोह

विक्ट्री परेड के बाद वानखेड़े स्टेडियम में सम्मान समारोह आयोजित किए जाने की भी संभावना है। इस दौरान BCCI खिलाड़ियों को सम्मानित कर सकती है और इनामी राशि भी सौंपी जा सकती है।

ऐसे आयोजनों में मुंबई की सड़कों पर हजारों-लाखों प्रशंसक उमड़ पड़ते हैं और पूरा शहर ‘नीले समंदर’ में तब्दील हो जाता है।

फैंस को बेसब्री से इंतजार

फिलहाल क्रिकेट प्रेमी इस ऐतिहासिक जश्न का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अगर यह विक्ट्री परेड आयोजित होती है, तो मुंबई एक बार फिर उस यादगार नजारे की गवाह बनेगी, जब देश के चैंपियन खिलाड़ियों का स्वागत करने के लिए सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ेगा।

Also Read: टीम इंडिया ने दो साल में जीती 6 ICC ट्रॉफी, भारतीय क्रिकेट की ताकत देख दुनिया हैरान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.