Sultanpur News: ANTF का बड़ा एक्शन, 523 ग्राम हेरोइन के साथ अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरफ्तार
Sultanpur News: नशे के काले कारोबार पर लगाम कसने के लिए गठित एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की गाजीपुर थाना इकाई ने सुल्तानपुर पुलिस के साथ मिलकर एक शातिर ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 523 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ 5 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नशे की एक बड़ी खेप की डिलीवरी होने वाली है। इस पर कार्रवाई करते हुए ANTF और थाना जयसिंहपुर की संयुक्त टीम ने सोमवार, 9 मार्च को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के ‘सराय नौरंग’ अंडरपास के नीचे घेराबंदी की। यहाँ से पुलिस ने 25 वर्षीय दिलशाद को गिरफ्तार किया, जो सुल्तानपुर के मोतिगरपुर इलाके का रहने वाला है।
शौक पूरे करने के लिए बना ड्रग पेडलर
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी दिलशाद ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह बाराबंकी के एक सप्लायर से सस्ते दामों में थोक में माल खरीदता था। इसके बाद वह हेरोइन की छोटी-छोटी पुड़िया (पैकट्स) बनाता और आस-पास के गांवों व जिलों में युवाओं को बेच देता था। तस्करी से होने वाले मोटे मुनाफे का इस्तेमाल वह अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए करता था।
बरामदगी का विवरण
हेरोइन: 523 ग्राम (कीमत 1.05 करोड़ रुपये)
नकद: 620 रुपये
मोबाइल: 01 एंड्रॉयड फोन (जिसमें तस्करी से जुड़े नेटवर्क के सुराग मिले हैं)
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना जयसिंहपुर में NDPS एक्ट की धारा 8/21/29 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पुलिस उस मुख्य सप्लायर की तलाश कर रही है, जो बाराबंकी से इसे माल की सप्लाई करता था। इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में ANTF गाजीपुर के उप निरीक्षक शमी असरफ शेख, कांस्टेबल अमित चौरसिया, अजीत कुमार, इन्द्रपाल सिंह, शिवांश राय और प्रदीप कुमार शामिल रहे। जयसिंहपुर थाने से उप निरीक्षक प्रेमनरायण राजपूत और राजेश कुमार सिंह ने विशेष सहयोग प्रदान किया।

