UP STF ने हरियाणा से इनामी गो तस्कर को किया गिरफ्तार

Chandauli News: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की नोएडा यूनिट ने एक अंतरराज्यीय गो-तस्कर आरिफ हुसैन को दबोचने में कामयाबी हासिल की है। आरिफ पिछले साल चंदौली में पकड़े गए एक बड़े गो-तस्करी मामले में मुख्य आरोपी था और तब से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

सोनीपत से नोएडा तक पुलिस का पीछा

एसटीएफ को सटीक सूचना मिली थी कि मुरादाबाद का रहने वाला आरिफ हुसैन हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में छिपा हुआ है। एसटीएफ नोएडा के एडिशनल एसपी राज कुमार मिश्रा और डिप्टी एसपी नवेन्दु कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने हरियाणा पहुंचकर घेराबंदी की और आरिफ को हिरासत में लेकर नोएडा स्थित एसटीएफ कार्यालय लाया गया, जहाँ लंबी पूछताछ के बाद सोमवार शाम उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरिफ ने कबूल किया कि वह अपने साथी हसीब के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर गो-तस्करी का काम करता था। उसने पुलिस को बताया कि उसने विशेष रूप से गो-तस्करी के लिए अपने नाम पर एक बड़ा कंटेनर खरीदा था। वह कानपुर के जंगलों से गोवंशीय पशुओं को क्रूरतापूर्वक कंटेनर में भरवाता था और अपने गैंग के जरिए बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल तक पहुंचाता था।

25 मई, 2024 को चंदौली पुलिस ने उसके इसी कंटेनर को पकड़ लिया था। उस समय उसके गैंग के सदस्य जेल चले गए थे, लेकिन आरिफ तब से पुलिस की पकड़ से बाहर था। आरिफ के खिलाफ चंदौली थाने में गौ हत्या निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा (मु.अ.सं. 124/2024) दर्ज है। एसटीएफ ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे चंदौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया है, जहाँ स्थानीय पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

Also Read: UP STF के हत्थे चढ़ा 50 हजार का इनामी विपिन, 13 साल से चल रहा था फरार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.