Amethi News: भाकियू (भानु) की बैठक में मजदूरी हड़पने का गूंजा मुद्दा, BDO को सौंपा 5 सूत्री ज्ञापन
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेठी जिला के बाजार शुकुल ब्लॉक परिसर में मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (भानु गुट) की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अगुवाई ब्लॉक अध्यक्ष हरिकेश तिवारी ने की, जबकि युवा जिलाध्यक्ष राघवेन्द्र मिश्रा की विशेष उपस्थिति रही। बैठक में क्षेत्र के किसानों और मजदूरों से जुड़ी कई जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विकासखंड की ग्राम पंचायत नांदी का मामला प्रमुखता से उठा। संगठन का आरोप है कि वहां मजदूरों से कार्य कराने के बाद वर्तमान ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव द्वारा फर्जी बिल-बाउचर लगाकर भुगतान अपने लोगों के खातों में करा लिया गया, जबकि वास्तविक मजदूरों को उनकी मेहनत की मजदूरी अब तक नहीं मिली।
इसके बाद भाकियू भानु गुट के पदाधिकारियों ने खंड विकास अधिकारी अंजली सरोज को पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मजदूरों की लंबित मजदूरी का तत्काल भुगतान कराए जाने की मांग के साथ कई स्थानीय समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
ज्ञापन में आशीषपुर ग्राम पंचायत के ग्राम फत्तेपुर में रहमत के दरवाजे से मोहम्मद सफी के दरवाजे होते हुए भगत सिंह मार्ग तक पक्का रास्ता निर्माण, पाण्डेयगंज से गायत्री मंदिर तक विद्युत लाइन की व्यवस्था, बूबूपुर ग्राम पंचायत के अंदीपुर में राम स्वरूप के दरवाजे पर नाली निर्माण तथा तेंदुआ ग्राम पंचायत के पूरे भोजा तिवारी गांव में दुर्गेश के दरवाजे से कृपानाथ के दरवाजे तक नाली निर्माण और उस पर पटिया डलवाने की मांग शामिल रही।
बैठक में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। सभी ने चेतावनी दी कि यदि मजदूरों को उनका हक और गांवों की समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं किया गया, तो संगठन आंदोलन को मजबूर होगा।

