Lucknow News: सुशांत गोल्फ सिटी में 4 अवैध मकानों पर चला बुलडोजर, LDA ने दी चेतावनी
लखनऊ। शहर के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में अवैध निर्माण के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1 की टीम ने पुलिस बल के साथ मिलकर 4 अवैध मकानों को ध्वस्त कर दिया। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अवैध प्लॉटिंग और बिना लेआउट स्वीकृत कराए किए गए निर्माणों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।
अपील खारिज होते ही चला बुलडोजर
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि अखंड प्रताप सिंह और उनके सहयोगियों द्वारा एक अवैध कॉलोनी विकसित की गई थी। इस कॉलोनी में कुल 33 मकानों पर एलडीए की कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है। इनमें से 4 मकानों के मालिकों ने शासन में अपील की थी, जिसे उत्तर प्रदेश शासन ने खारिज कर दिया। अपील खारिज होते ही उपाध्यक्ष के आदेश पर इन निर्माणों को गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई।

न लेआउट पास, न नक्शा स्वीकृत
यह कार्रवाई सुशांत गोल्फ सिटी के एम्मार कॉलोनी के सामने सेक्टर-7 में की गई। दिलीप यादव, ललित कुमार तिवारी, पूजा पाण्डेय और शीलू के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चला। यह पूरी कॉलोनी अखंड प्रताप सिंह, उदय प्रताप सिंह और हरिओम द्वारा बसाई गई थी। एलडीए के मुताबिक, इस कॉलोनी का न तो कोई लेआउट पास है और न ही इन मकानों का कोई नक्शा स्वीकृत कराया गया था।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
ध्वस्तीकरण की इस बड़ी कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन जोन एक, दो और तीन की टीमें मौके पर डटी रहीं। किसी भी विरोध की स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने कहा कि शहर की योजनाबद्ध विकास में बाधक बनने वाले और अवैध कॉलोनियां काटकर लोगों को फंसाने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Also Read: बलरामपुर में सीएम योगी का सख्त संदेश, मई तक हर हाल में पूरा हो मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय का काम

