Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर विश्वविद्यालय में कला संकाय भवन के विस्तार का हुआ भूमि पूजन
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु में शैक्षणिक संसाधनों को और बेहतर बनाने की दिशा में एक नया अध्याय जुड़ गया है। विश्वविद्यालय के कला संकाय भवन के विस्तारीकरण के लिए आज वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कविता शाह ने इस निर्माण कार्य का औपचारिक शुभारंभ किया।
कुलपति प्रो. कविता शाह ने प्रस्तावित भवन के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह नया विस्तारित भवन दो मंजिला होगा। इसकी खासियतें कुछ इस प्रकार होंगी।
स्मार्ट लेक्चर रूम: भवन में कुल 8 आधुनिक स्मार्ट लेक्चर कक्ष बनाए जाएंगे (4 भूतल पर और 4 प्रथम तल पर)।
बुनियादी सुविधाएं: भवन में अग्निशमन (Fire Safety), जल आपूर्ति और आधुनिक शौचालयों जैसी सभी आवश्यक सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

शिक्षा की गुणवत्ता पर जोर
इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि यह विस्तारीकरण केवल एक भवन निर्माण नहीं है, बल्कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को मजबूत करने का एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा, आधुनिक स्मार्ट क्लासरूम के माध्यम से विद्यार्थियों को एक बेहतर और तकनीक-सम्मत शैक्षणिक माहौल मिलेगा। हमारा प्रयास है कि हम अपने विद्यार्थियों को देश के उत्कृष्ट संस्थानों के बराबर संसाधन उपलब्ध करा सकें।

विकास की ओर बढ़ता विश्वविद्यालय
कार्यवाहक कुलसचिव दीनानाथ यादव ने बताया कि इस नए भवन से शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों को बड़ी राहत मिलेगी और कला संकाय की गतिविधियों में तेजी आएगी। वहीं, जनसम्पर्क अधिकारी डॉ. अविनाश प्रताप सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय आज शिक्षा के साथ-साथ बुनियादी ढांचे के विकास में भी अपनी एक अलग पहचान बना रहा है।
गणमान्य जनों की उपस्थिति
भूमि पूजन के दौरान कला संकाय की अधिष्ठाता प्रो. नीता यादव, विज्ञान संकाय की अधिष्ठाता प्रो. प्रकृति राय, वाणिज्य संकाय के अधिष्ठाता प्रो. सौरव सहित डॉ. विशाल गुप्ता, डॉ. रविकांत शुक्ला, डॉ. हृदयकांत पांडेय, डॉ. जय सिंह यादव और निर्माण कार्य से जुड़े अभियंता व शिक्षक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान

