Lucknow News: रिजल्ट में बैक आने से परेशान MBBS छात्र ने हॉस्टल में दी जान, आज होनी थी पेरेंट्स मीटिंग

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के कुर्सी रोड स्थित इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में एमबीबीएस फर्स्ट सेमेस्टर के एक छात्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्र तीन दिन पहले आए अपने रिजल्ट को लेकर काफी तनाव में था, जिसमें उसके कई विषयों में बैक (अनुत्तीर्ण) लग गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मूल रूप से गोरखपुर के बेलघाट निवासी राहुल कुमार विश्वास (22) इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। राहुल के मौसेरे भाई कुंदन के मुताबिक, तीन दिन पहले ही राहुल का परिणाम आया था। एक विषय को छोड़कर उसके बाकी सभी पेपरों में बैक आई थी, जिसे लेकर वह मानसिक रूप से काफी टूट चुका था।

पैरेंट्स मीटिंग का था डर

बताया जा रहा है कि गुरुवार (12 मार्च) को विश्वविद्यालय की ओर से ऑनलाइन पैरेंट्स मीटिंग (PTM) भी प्रस्तावित थी। बुधवार रात करीब 8 बजे राहुल ने अपनी मां को फोन कर इस मीटिंग के बारे में जानकारी दी थी। हालांकि, माता-पिता ने उसे सांत्वना दी और परेशान न होने को कहा था, लेकिन राहुल के मन में परिणाम और मीटिंग को लेकर घबराहट बनी हुई थी।

बुधवार रात जब राहुल का रूममेट उसे मेस में खाना खाने के लिए बुलाने आया, तो राहुल ने यह कहकर उसे भेज दिया कि वह 10 मिनट में पीछे से आ रहा है। कुछ देर बाद जब रूममेट वापस कमरे में लौटा, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं आया, तो उसने वार्डन को सूचना दी।

वार्डन की मौजूदगी में जब कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, तो राहुल अंदर फंदे से लटका हुआ मिला। उसे आनन-फानन में फंदे से उतारकर यूनिवर्सिटी के ही अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।

Also Read: Lucknow News: मां-बेटे की हत्या मामले की सुलझी गुत्थी, पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार हुआ आरोपी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.