The Hundred 2026: पाकिस्तानी खिलाड़ी को खरीदना सनराइजर्स लीड्स को पड़ा भारी, X अकाउंट हुआ सस्पेंड
Sandesh Wahak Digital Desk: इंग्लैंड की चर्चित क्रिकेट लीग द हंड्रेड के आगामी सीजन 2026 के लिए 12 मार्च को हुए ऑक्शन के बाद सनराइजर्स फ्रेंचाइजी विवादों में घिर गई है।
सनराइजर्स हैदराबाद की सहयोगी टीम सनराइजर्स लीड्स ने ऑक्शन में पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को खरीद लिया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
ऑक्शन के दौरान टीम की मालकिन काव्या मारन खुद मौजूद थीं और उन्होंने अबरार अहमद के लिए बोली लगाई। अंततः सनराइजर्स लीड्स ने उन्हें 2.55 लाख अमेरिकी डॉलर (करीब 2.3 करोड़ रुपये) में अपनी टीम में शामिल किया।
जैसे ही यह खबर सामने आई, भारतीय क्रिकेट फैंस ने सोशल मीडिया पर फ्रेंचाइजी को जमकर निशाने पर लेना शुरू कर दिया।

X अकाउंट सस्पेंड, बढ़ा विवाद
लगातार ट्रोलिंग और आलोचनाओं के बीच सनराइजर्स लीड्स का आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया। हालांकि, अकाउंट सस्पेंशन की कोई आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है।
आमतौर पर X प्लेटफॉर्म अपने नियमों के उल्लंघन की स्थिति में अकाउंट सस्पेंड करता है। बताया जा रहा है कि ऑक्शन के कुछ ही घंटों बाद, रात करीब 2 बजे फ्रेंचाइजी का अकाउंट निष्क्रिय कर दिया गया।
फैंस का विरोध, ट्रोलिंग तेज
अबरार अहमद, ‘द हंड्रेड’ में किसी भारतीय स्वामित्व वाली फ्रेंचाइजी द्वारा खरीदे गए पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी बन गए हैं। इसी बात को लेकर भारतीय फैंस नाराज नजर आ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स का कहना है कि पाकिस्तानी खिलाड़ी को खरीदने का फैसला देश की भावनाओं के खिलाफ है।
इस विरोध के चलते अब यह सवाल भी उठने लगा है कि क्या सनराइजर्स लीड्स अब अबरार अहमद को रिलीज करेगी या अपने फैसले पर कायम रहेगी।
डेनियल विटोरी ने दी सफाई
सनराइजर्स हैदराबाद के मुख्य कोच डेनियल विटोरी ने इस पूरे मामले पर सफाई दी है। उन्होंने बताया कि अबरार अहमद को खरीदने से पहले फ्रेंचाइजी ने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों और विशेषज्ञों से उनके प्रदर्शन को लेकर राय ली थी। उसी फीडबैक के आधार पर उन्हें टीम में शामिल किया गया।
विटोरी ने यह भी स्पष्ट किया कि फ्रेंचाइजी के भीतर पाकिस्तानी खिलाड़ियों को खरीदने या न खरीदने को लेकर कोई विशेष बैठक नहीं हुई थी और फैसला पूरी तरह क्रिकेटिंग जरूरतों के आधार पर लिया गया।
फिलहाल, सनराइजर्स लीड्स का यह फैसला क्रिकेट से ज्यादा सियासी और भावनात्मक बहस का विषय बन गया है।
अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि फ्रेंचाइजी आगे क्या कदम उठाती है और X अकाउंट सस्पेंशन पर क्या आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आती है।

