Ranji Trophy में बड़ा उलटफेर, कोर्ट के आदेश के बाद बदली मेघालय की पूरी टीम, खिलाड़ियों में नाराजगी
Sports News: रणजी ट्रॉफी में मेघालय क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के विवाद का असर अब टीम के प्रदर्शन और खिलाड़ियों पर भी दिखाई देने लगा है।
नागालैंड के खिलाफ प्लेट डिवीजन के मुकाबले से ठीक दो दिन पहले मेघालय की पूरी टीम बदल दी गई। पहले तीन मुकाबले खेल चुके खिलाड़ी चौथे मैच के लिए अभ्यास कर रहे थे।
लेकिन अदालत के फैसले के बाद उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा। इसके बाद एसोसिएशन के अध्यक्ष जेम्स संगमा की पहल पर नई टीम का चयन किया गया।
अध्यक्ष और सचिव के बीच विवाद से बदली टीम
मेघालय क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष जेम्स संगमा और सचिव रेनॉल्ड खार्कमनी के बीच लंबे समय से खींचतान चल रही है।
मेघालय की अंडर-23 महिला टीम की खिलाड़ियों से जुड़ी यौन उत्पीड़न की शिकायतों पर कार्रवाई नहीं करने के आरोपों के बाद खार्कमनी को निलंबित कर दिया गया था।
इस विवाद के बीच मेघालय हाई कोर्ट ने रेनॉल्ड खार्कमनी के फैसलों को अवैध करार दिया। अदालत ने एसोसिएशन की एपेक्स काउंसिल की ओर से चुनी गई रणजी टीम को भी अमान्य माना।
इसके बाद नागालैंड के खिलाफ मुकाबले के लिए अध्यक्ष की पहल पर नई टीम चुनी गई।
मामले पर बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बातचीत में कहा कि बोर्ड के पास हाई कोर्ट के आदेश का पालन करने के अलावा कोई विकल्प नहीं था।
उन्होंने कहा, “बीसीसीआई के पास हाई कोर्ट के आदेश का पालन करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। इसलिए, हमें अध्यक्ष की पहल पर चुनी गई टीम को खेलने की अनुमति देनी पड़ी।”
टीम से बाहर हुए राहुल दलाल ने जताई नाराजगी
अचानक हुए इस बदलाव से पहले तीन मैच खेल चुके खिलाड़ियों में नाराजगी है। टीम से बाहर किए गए अनुभवी बल्लेबाज राहुल दलाल ने बातचीत में कहा कि खिलाड़ियों को आखिरी समय तक इस तरह के बदलाव की उम्मीद नहीं थी।
दलाल के मुताबिक, शुक्रवार को अध्यक्ष के पक्ष में फैसला आया था और शनिवार-रविवार को पुरानी टीम के खिलाड़ी अभ्यास कर रहे थे।
उन्हें लगा था कि वही टीम नागालैंड के खिलाफ खेलेगी। उन्होंने बताया कि रविवार को अभ्यास के बाद जब खिलाड़ी वापस लौटे, तब उन्हें पता चला कि दूसरी टीम भी अभ्यास कर चुकी है।
मैच से महज दो दिन पहले हुए इस बदलाव ने मेघालय के खिलाड़ियों को असमंजस में डाल दिया। अब इस पूरे घटनाक्रम के बीच नई टीम के प्रदर्शन और एसोसिएशन के विवाद पर सबकी नजरें रहेंगी।

