Barabanki News: मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी डकैत सूरज सिंह गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Barabanki News: बाराबंकी की स्वाट (SWAT) और असन्द्रा पुलिस की संयुक्त टीम ने आज तड़के एक साहसिक कार्रवाई में लखनऊ के शातिर अपराधी रूपेन्द्र उर्फ सूरज सिंह को दबोच लिया। आरोपी पर 25 जनवरी को जहांगीराबाद स्थित एक मछली फार्म में डकैती डालने का आरोप था, जिसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था।

शनिवार तड़के पुलिस टीम कंधवापुर मोड़ के पास चेकिंग कर रही थी। इसी बीच सिद्धौर की तरफ से एक संदिग्ध बाइक सवार आता दिखा। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने भागने की कोशिश की। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग कर दी। एक गोली स्वाट प्रभारी अंकित त्रिपाठी के कान के पास से सनसनाती हुई निकल गई, जिसमें वे बाल-बाल बच गए।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में लगी और वह बाइक समेत गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लिया और इलाज के लिए सीएचसी सिद्धौर भेजा। आरोपी के पास से एक तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई है।

लखनऊ और बाराबंकी में दर्ज हैं 11 मुकदमे

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश रूपेन्द्र उर्फ सूरज सिंह लखनऊ के बख्शी का तालाब (BKT) इलाके का रहने वाला है। सूरज एक शातिर अपराधी है, जिस पर लखनऊ और बाराबंकी में डकैती, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और अवैध शस्त्र रखने जैसे करीब 11 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर अयोध्या रेंज के डीआईजी की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

Also Read: Kuldeep-Vanshika Wedding: जानिए कौन हैं वंशिका चड्ढा, पढ़ाई और नौकरी की पूरी डिटेल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.