KKR को लगा 440 वोल्ट का झटका, IPL 2026 से बाहर हुए हर्षित राणा
Sandesh Wahak Digital Desk: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 शुरू होने से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स को करारा झटका लगा है।
टीम के तेज गेंदबाज हर्षित राणा पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। चोट के चलते वह IPL 2026 में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। KKR ने उन्हें 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया था।
हर्षित राणा को यह चोट दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वॉर्म-अप मैच के दौरान लगी थी, जिसके बाद वह विश्व कप से भी बाहर हो गए थे।
अब उसी चोट के कारण उनका IPL 2026 खेलना भी संभव नहीं हो सका है। फिलहाल KKR ने आधिकारिक तौर पर उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया है।
हालांकि, शुक्रवार को KKR ने जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को स्क्वाड में शामिल किया है। ऐसे में माना जा रहा है कि मुजरबानी ही हर्षित राणा की कमी पूरी कर सकते हैं।

मुजरबानी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार फॉर्म में रहे थे और टूर्नामेंट में 13 विकेट चटकाए थे।
इससे पहले टीम को आंद्रे रसेल के संन्यास से भी झटका लग चुका है। ऐसे में हर्षित राणा का बाहर होना KKR के लिए दोहरी परेशानी बन गया है, खासकर डेथ ओवरों की गेंदबाजी को लेकर।
टीम ने श्रीलंकाई तेज गेंदबाज मथीशा पाथिराना को नीलामी में 18 करोड़ रुपये में खरीदा है, जिन पर अब बड़ी जिम्मेदारी होगी।
KKR 14 मार्च को अपनी नई जर्सी लॉन्च कर सकती है। वहीं बीसीसीआई द्वारा जारी शुरुआती शेड्यूल के अनुसार, कोलकाता नाइट राइडर्स का IPL 2026 में पहला मुकाबला 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ होगा।
गौरतलब है कि हर्षित राणा ने IPL 2025 में 13 मैचों में 15 विकेट लेकर KKR की गेंदबाजी को मजबूती दी थी। अब उनके बाहर होने से टीम मैनेजमेंट की रणनीति पर असर पड़ना तय माना जा रहा है।
Also Read: Gautam Gambhir को Sourav Ganguly की दो टूक चेतावनी, बोले- असली परीक्षा अभी बाकी

